केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज हो चुकी हैं।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में रवनीत सिंह बिट्टू को बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें विधानसभा चुनाव मैदान में उतार सकती है और इसी रणनीति के तहत उन्होंने केंद्रीय मंत्री पद छोड़ा है। हालांकि, भाजपा की ओर से उनकी चुनावी भूमिका को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। वर्तमान में वह राज्यसभा सांसद हैं और केंद्र सरकार में रेल तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पंजाब की राजनीति में उन्हें भाजपा का प्रमुख चेहरा माना जाता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिट्टू का इस्तीफा पंजाब चुनाव से पहले भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। पार्टी राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए नए राजनीतिक समीकरण बनाने में जुटी है और बिट्टू की सक्रिय भूमिका को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।
