पंजाब के पठानकोट में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध खनन और कथित 92 एकड़ पंचायत भूमि आवंटन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की। ED ने पठानकोट, अमृतसर और गुरदासपुर में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक कारोबारी के कार्यालय से भारी मात्रा में नकदी मिलने के बाद आयकर विभाग (Income Tax) की टीम को भी जांच में शामिल किया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला वर्ष 2023 में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दर्ज केस से जुड़ा है। आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित करीब 92 एकड़ पंचायत भूमि का कथित रूप से गलत तरीके से निजी व्यक्तियों के नाम हस्तांतरण किया गया, जिसके बाद वहां बड़े पैमाने पर अवैध रेत और पत्थर खनन किया गया। ED इस पूरे मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की जांच कर रही है।
ED ने जिन परिसरों पर छापेमारी की, उनमें खनन कंपनियां, स्टोन क्रशर इकाइयां, कारोबारियों के ठिकाने और कुछ राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के परिसरों को भी शामिल किया गया। जांच एजेंसी ने दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त कर उनकी जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं। ED का कहना है कि यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
