प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मान रही है। पार्टी इस दौरे के जरिए पंजाब में अपने जनाधार को मजबूत करने और विकास परियोजनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान जालंधर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। इसके अलावा वे अमृत भारत स्टेशन योजनाके तहत पंजाब के चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन तथा रेलवे से जुड़ी अन्य विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे।
भाजपा इस दौरे को पंजाब में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देख रही है। पार्टी का फोकस केंद्र सरकार की विकास योजनाओं, रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और पंजाब में किए गए निवेश को जनता के सामने प्रमुखता से रखने पर है। इसके साथ ही संगठन स्तर पर भी कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में जुटाने की तैयारी की जा रही है।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर तैयारियों में जुटी हैं ताकि दौरा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
