लोहे की एंगल गिरने से बच्चे की मौत,VIDEO:पानीपत में फैक्ट्री के बाहर खड़ी की थी, झूलते हुए हादसा

हरियाणा के पानीपत में 6 वर्षीय बच्चे पर लोहे की एंगल गिरने से उसकी मौत हो गई। बच्चा फैक्ट्री के बाहर रखी एंगल पर झूल रहा था। शिकायत के आधार पर पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।

इस हादसे का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिख रहा है कि बच्चा लोहे की एंगल पर लटका हुआ है। तभी एंगल अचानक गिर जाती है और बच्चा उसके नीचे दब जाता है।

करनाल के अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।

करनाल के अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।

सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…

26 जून को गली में खेल रहा था

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के मुबारकपुर गांव निवासी रघुनाथ ने पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में पानीपत के सौंदापुर स्थित श्रवण वाली फैक्ट्री में रहते हैं। उनका 6 वर्षीय बेटा सिद्धार्थ 26 जून की शाम करीब 4 बजे घर के बाहर गली में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह गली में अवैध रूप से रखी लोहे की भारी एंगल पर चढ़ गया।

सिर पर गंभीर चोटें आईं

रघुनाथ ने आगे बताया- इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से एंगल उसके ऊपर गिर गई। भारी एंगल सीधे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन और आसपास के लोग सिद्धार्थ को तुरंत इलाज के लिए करनाल के सरला देवी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल ले गए।

इलाज के दौरान सिद्धार्थ की मौत

वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फैक्ट्री मालिक श्रवण ने गली में लापरवाही से भारी लोहे की एंगल रखी हुई थी, जिसके कारण उनके बेटे की जान चली गई।

फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

27 जून को पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को अस्पताल से सिद्धार्थ की मौत की सूचना मिली। इसके बाद शिकायत व अन्य दस्तावेजों के आधार पर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *