कुरुक्षेत्र में SYL नहर में स्टूडेंट डूबा:गर्मी की छुट्टियों में मामा के पास आया था; 3 महीने बाद होनी थी शादी

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में रविवार को सतलुज यमुना लिंक (SYL) नहर में नहाने गया 11वीं क्लास का स्टूडेंट डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।

डूबने वाले स्टूडेंट की पहचान रोहित (18) पुत्र रनवीर सिंह निवासी गांव मानपुर बसोली, जिला बदायूं (यूपी) के रूप में हुई। हाल ही में रोहित ने 10वीं क्लास पास की थी। अभी वह अपने मामा के घर गर्मी की छुट्टियों में आया हुआ था। उसका मामा राजवीर भी यूपी का ही रहने वाला है।

SYL नहर किनारे खड़े रोहित के मामा व अन्य परिजन।

SYL नहर किनारे खड़े रोहित के मामा व अन्य परिजन।

मामा ने दिलाए नए कपड़े

रोहित के मामा राजवीर ने बताया कि वह करीब 4 महीने पहले ही कुरुक्षेत्र के खानपुर गांव में परिवार के साथ रहने आया था। वह ठेकेदार के पास राजमिस्त्री का करता है।रोहित की छुट्टियां खत्म होने वाली थी और उसे वापस घर जाना था। इसलिए वह रोहित को नए कपड़े दिलाने कुरुक्षेत्र आया था।

मिर्जापुर के पास लगा नहाने

उन्होंने बताया कि लौटते समय बच्चों को नहर में नहाते देख रोहित अपने मामा से नहाने की जिद करने लगा। इसलिए वे मिर्जापुर पुल के पास रुक गए। यहां रोहित नहाने लग गया। इसी दौरान रोहित गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया। उसने रोहित को डूबते देख शोर मचाना शुरू किया लेकिन वह उसे नहीं बचा सका।

सितंबर में होनी थी शादी

रोहित के मामा राजवीर ने बताया कि उसका भांजा राेहित अपने 5 भाई-बहनों में सबसे बड़ा है। कुछ समय पहले ही उसका रिश्ता पास के गांव की लड़की के साथ हुआ था। करीब 3 महीने बाद सितंबर में रोहित की शादी होनी वाली थी। रोहित का परिवार उसके सकुशल लौटने की प्रार्थना कर रहा है।

नहर में रोहित की तलाश करती SDRF टीम।

नहर में रोहित की तलाश करती SDRF टीम।

मामा के साथ नहाने आया

ज्योतिसर पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि रविवार को रोहित अपने मामा राजवीर के साथ SYL नहर पर नहाने के लिए आया था। रोहित नहाने के लिए पानी में उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह तेज बहाव में डूब गया। मामा ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आगे बह गया।

SDRF कर रही सर्च

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और SDRF को बुलाया गया। गोताखोरों और SDRF की टीम ने नहर में अलग-अलग स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अब तक रोहित का कोई सुराग नहीं मिल सका। अभी अंधेरा होने तक सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

परिवार को सूचना दी

इस हादसे के बाद परिवार में मातम को माहौल है। रोहित के परिवार को सूचना देकर बुलाया गया है। घटना के बाद परिजन, रिश्तेदार और आसपास के लोग भी नहर किनारे डटे हैं। साथ ही उन्होंने नहर के हेड पर पहरा लगाकर बैठे हैं।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *