‘ब्रिक्स’ संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक वाराणसी में आज से शुरू

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):ब्रिक्स’ संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुरू हुई, जिसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री विवेक अग्रवाल ने की। बैठक में ब्राजील, चीन, इंडोनेशिया, ईरान, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जबकि इथियोपिया, मिस्र और रूस महासंघ के प्रतिनिधि विडिओ कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिये बैठक में शामिल हुए। सदस्य देशों ने बैठक के एजेंडा पर अपनी प्राथमिकताओं और दृष्टिकोण को साझा किया।

“रचनात्मक अर्थव्यवस्था और जन-जन के बीच सहयोग: नवाचार, साझेदारी और आगे की राह” शीर्षक से आयोजित पहली चर्चा की अध्यक्षता भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री विवेक अग्रवाल ने की। यह चर्चा समावेशी विकास, सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, बाजार तक पहुंच और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने में रचनात्मक अर्थव्यवस्था की भूमिका पर केंद्रित थी।

“रचनात्मक अर्थव्यवस्था में कॉपीराइट और नैतिक एआई: सर्वोत्तम प्रथाओं को बढ़ावा देना” शीर्षक से आयोजित दूसरी पैनल चर्चा की अध्यक्षता इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने की। इस चर्चा में रचनात्मक क्षेत्र में कृत्रिम मेधा (एआई) के उपयोग से जुड़े कॉपीराइट संरक्षण, सांस्कृतिक श्रेय और नैतिक विचारों के महत्व पर प्रकाश डाला गया, साथ ही भविष्य में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग के अवसरों की भी पड़ताल की गई।

कार्यक्रम का समापन एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में एक संगीतमय प्रस्तुति में भारत की सांस्कृतिक बहुलता और एकता को दर्शाने वाली देश के विभिन्न क्षेत्रों की अनूठी संगीत परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। इसके बाद “कलर्स ऑफ इंडिया” नाम से एक जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुति में पूरे देश के विभिन्न शास्त्रीय और लोक नृत्य रूपों को प्रदर्शित किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को भारत की समृद्ध कलात्मक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता की एक झलक दिखाई गई।

बैठक दूसरे दिन 5 जून, 2026 को जारी रहेगी, जिसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *