चंडीगढ़ (बलविंदर सिंह):हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को सम्मानित करने के लिए हरियाणा विज्ञान रत्न अवार्ड्स और हरियाणा युवा विज्ञान रत्न अवार्ड्स के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए घोषित इन पुरस्कारों के तहत हरियाणा विज्ञान रत्न अवार्ड में चयनित वैज्ञानिक को 5 लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार उन प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों के लिए है, जिनकी आयु 40 वर्ष से अधिक है और जिन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इसी प्रकार, हरियाणा युवा विज्ञान रत्न अवार्ड के तहत 40 वर्ष से कम आयु के युवा वैज्ञानिकों को 1 लाख रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और राज्य में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इन पुरस्कारों के लिए वही वैज्ञानिक पात्र होंगे, जिन्होंने हरियाणा में 10 वर्ष या इससे अधिक समय तक कार्य किया हो या शिक्षा प्राप्त की हो, अथवा जो हरियाणा के निवासी हों। हरियाणा युवा विज्ञान रत्न अवार्ड के नामांकन के लिए आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 तक की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल ताजा नामांकन ही स्वीकार किए जाएंगे और स्वयं-नामांकन किसी भी स्थिति में मान्य नहीं होगा।
सरकार ने इच्छुक उम्मीदवारों और संस्थाओं से अपील की है कि वे विस्तृत दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट http://dst.highereduhry.ac.in पर विजिट करें और अपने नामांकन 31 जुलाई 2026 तक परिषद के कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें।
प्रवक्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को पहचान देना और नई पीढ़ी को अनुसंधान एवं तकनीकी विकास की ओर प्रेरित करना है।
