पटियाला के सनौर में पुरानी रंजिश को लेकर 24 वर्षीय युवक जशन विर्क की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कुछ युवकों ने जशन पर चाकू और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जशन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हमले के दौरान बलदेव सिंह ने जशन को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। बलदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जशन की कुछ युवकों से पहले से रंजिश चल रही थी। सोमवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
