CM सैनी के नेतृत्व में हर वर्ग तक पहुंच रहा विकास, प्रदेश में हो रहा सर्वांगीण उत्थान: कृष्ण कुमार बेदी

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम कर रही है। सरकार सभी समाजों, सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है और हर समाज की धर्मशालाओं के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज का इतिहास बहुत ही गौरवशाली रहा है। यह समाज हमेशा से ही देशभक्ति, वीरता, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अग्रणी रहा है।

मंत्री शुक्रवार को कुरुक्षेत्र गुर्जर धर्मशाला प्रबंधक कमेटी द्वारा धर्मशाला परिसर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर बोल रहे थे। कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण बेदी ने सभी प्रदेशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी और गुर्जर धर्मशाला को 15 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक लीलाराम गुर्जर ने की।

मंत्री ने कहा कि गुर्जर धर्मशाला जैसी संस्थाएं हमारी संस्कृति और विरासत को बचाए रखने और आने वाली पीढ़ी को संस्कार देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। ऐसी धर्मशालाएं केवल भवन नहीं, बल्कि हमारे समाज की एकता, संगठन और भाईचारे का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने अपने जीवन और गीता के उपदेश के माध्यम से पूरी मानवता को कर्म, धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है। भगवान कृष्ण का जीवन हमें सिखाता है कि जब-जब इस धरती पर अधर्म और अन्याय बढ़ता है, तब-तब धर्म की स्थापना के लिए भगवान अवतार लेते हैं।

इस मौके पर गुर्जर धर्मशाला कमेटी के प्रधान ऋषिपाल कसाना, अशोक सिरसी, अशोक गुर्जर, जाट सभा प्रधान कृष्ण श्योकंद अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *