चंडीगढ़ (बलविंदर सिंह): हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह का 5 नवंबर को अंबाला आगमन प्रदेश के लिए गौरव और उत्साह का बड़ा अवसर है। हरियाणा की वीरभूमि पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में हरियाणा ने विकास के साथ-साथ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास और वीर परंपराओं को नई पहचान देने का काम किया है। अंबाला में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों को समर्पित भव्य शहीद स्मारक का लोकार्पण इसी सोच का प्रतीक है। यह स्मारक प्रदेशवासियों के लिए गर्व का केंद्र बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों की शौर्यगाथा से जोड़ने का काम करेगा।
श्री गंगवा ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी ने हमेशा देश की रक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को जन्म दिया है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में भी इस धरती के वीरों ने अदम्य साहस और बलिदान की मिसाल पेश की थी। अंबाला में बनकर तैयार हुआ यह स्मारक उन ज्ञात-अज्ञात बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिनके संघर्ष और त्याग की बदौलत देश की आजादी की नींव मजबूत हुई। यहां 700 से अधिक वीर बलिदानियों के नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किए गए हैं। आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथा को इस तरह सहेजा गया है कि हर आगंतुक उस दौर के संघर्ष और बलिदान को महसूस कर सके।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का यह दौरा हरियाणा के लिए एक यादगार अवसर होगा। शहीद स्मारक का लोकार्पण प्रदेश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ेगा। यह केवल ईंट-पत्थर से बना स्मारक नहीं, बल्कि देश भक्ति, त्याग, साहस और राष्ट्रीय स्वाभिमान की जीवंत प्रेरणा है। श्री अमित शाह अंबाला के गांधी ग्राउंड में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। श्री गंगवा ने प्रदेशवासियों से इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का गर्मजोशी से स्वागत करने का आह्वान किया।
