चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा की उच्च शिक्षा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने आज प्रदेश के राजकीय कॉलेजों के लिए नवनियुक्त 435 असिस्टेंट प्रोफेसरों को उनके नियुक्ति स्थान (स्टेशन) सहित नियुक्ति पत्र दिए। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रदेश के कॉलेजों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों में नए शिक्षक मिले हैं। इन नियुक्तियों में ज्योग्राफी (भूगोल) के 277, राजनीति विज्ञान के 71 और इतिहास के 87 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं।
शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने नवनियुक्त शिक्षकों बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समाज के निर्माण में सर्वोच्च स्थान होता है और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सीधे तौर पर हमारे युवाओं के भविष्य को निर्धारित करती है।
शिक्षा मंत्री ने नवनियुक्त प्रोफेसरों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ विद्यार्थियों को पढ़ाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। उम्मीद है कि आपकी नियुक्ति से कॉलेजों में शैक्षणिक वातावरण और अधिक बेहतर होगा और विद्यार्थियों को अपने विषयों में गहन शोध और ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
श्री ढांडा ने कहा कि कॉलेजों में खाली पदों को भरना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि किसी भी कॉलेज में शैक्षणिक कार्य बाधित न हो। इन 435 नियुक्तियों से प्रदेश के राजकीय कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
