प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे के दौरान उन्हें पहनाई गई शाही पगड़ी खास आकर्षण का केंद्र रही। यह विशेष पगड़ी पटियाला के पगड़ी विशेषज्ञ सनप्रीत सिंह ने तैयार की थी। हरे रंग की इस पारंपरिक दस्तार को पंजाब की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया था। प्रधानमंत्री के मंच पर पहुंचते ही उनकी पगड़ी चर्चा का विषय बन गई।
जानकारी के अनुसार, सनप्रीत सिंह लंबे समय से पारंपरिक पंजाबी शाही पगड़ियां तैयार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के लिए तैयार की गई पगड़ी में पंजाब की संस्कृति और सम्मान का विशेष ध्यान रखा गया। इस दस्तार को बांधने और तैयार करने में विशेष तकनीक का उपयोग किया गया ताकि इसका पारंपरिक स्वरूप बरकरार रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगभग 5,470 करोड़ रुपये की विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया और कई विकास परियोजनाओं को पंजाब को समर्पित किया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री की शाही पगड़ी सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में रही और इसे पंजाब की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया गया।
