हरियाणा के सोनीपत में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति और अस्पतालों की निगरानी में कथित लापरवाही को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। तत्कालीन सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्सना समेत 13 अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का फैसला लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा को पत्र जारी कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के दायरे में तत्कालीन सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्सना, जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. गिन्नी लांबा, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. योगेश गोयल और डॉ. तरुण यादव शामिल हैं। इसके अलावा यूएचसी कलूपुर के एसएमओ डॉ. जितेंद्र दहिया, सीएचसी खरखौदा के एसएमओ डॉ. जितेंद्र और जिला नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. भानु शर्मा के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
वहीं, पीएचसी डबेटा के प्रभारी डॉ. सुदेश, पीएचसी भटगांव की प्रभारी डॉ. मीनाक्षी, पीएचसी मदीना के प्रभारी डॉ. आदित्य, पीएचसी बिधलान के प्रभारी डॉ. मोहित, पीएचसी मोहाना की प्रभारी डॉ. स्वाति सिंह और पीएचसी सिसाना की प्रभारी डॉ. पूजा को भी कार्रवाई के दायरे में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, जरूरी सुविधाओं के रखरखाव और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रशासनिक स्तर पर कमियां पाई गई हैं। इसी आधार पर हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम-8 के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं को कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आरोपपत्र यानी चार्जशीट का मसौदा तैयार करवाया जाए। इसे विभागीय कानूनी अधिकारी से जांच और परीक्षण करवाने के बाद 15 दिन के भीतर सरकार को भेजना होगा। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय ने 16 नवंबर को जारी पत्र के माध्यम से सोनीपत के सिविल सर्जन को सूची में शामिल शुरुआती छह अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट का मसौदा तैयार कर भेजने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल अधिकारियों के खिलाफ आरोपपत्र तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। विभागीय जांच और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष निकलेगा।
