हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सोमवार को नूंह जिले के पुन्हाना सिटी थाना प्रभारी कुंदन सिंह को थाने से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि एसएचओ ने रेप केस से नाम हटाने की एवज में एक लाख मांगे थे।
मगर, 50 हजार रुपए में डील तय हो गई थी। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी टीम को दी। शिकायत की पुष्टि होने पर एसीबी ने ट्रैप बिछा कर 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए एचएचओ को रंगेहाथ अरेस्ट कर लिया। इस कार्रवाई से थाना परिसर में हड़कंप मच गया।
उधर, एसीबी टीम ने शिक्षा विभाग के एक क्लर्क को भी 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। उसने मेडिकल बिल पास करने के नाम पर यह रिश्वत मांगी थी।
वहीं, हिसार एसीबी ने सिरसा के डबवाली स्थित पुलिस चौकी गोल बाजार के एएसआई जगजीत सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल राकेश कुमार और एसपीओ (मुंशी) राजवीर को भी सह-आरोपी बनाया गया है।

पुन्हाना में आरोपी SHO कुंदन सिंह को गिरफ्तार कर ले जाती एसीबी टीम।
एसीबी के जाल में ऐसे फंसा रिश्वतखोर एचएचओ…
- पिनगवां थाना क्षेत्र में दर्ज हुआ था केस : रेप का यह मामला पिनगवां थाना क्षेत्र में दर्ज हुआ था, जिसकी जांच के लिए केस को पुन्हाना सिटी थाना भेजा गया था। इसी मामले में नाम हटाने को लेकर रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत एसीबी तक पहुंची थी।
- एक लाख की डिमांड, 50 हजार में डील : शिकायकर्ता ने आरेाप लगाया था कि थाना प्रभारी कुंदन सिंह रेप केस से नाम हटाने के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। बाद में यह रकम घटाकर 50 हजार रुपए कर दी गई थी। मगर, शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी को दे दी थी।
- 50 हजार रुपए लेते रंगेहाथ पकड़ा : एसीबी अधिकारी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद आरोपों की जांच की गई। जांच में आरोपी की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप लगाकर शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपए लेकर एसएचओ कुंदन के पास भेजा। जैसे ही एसएचओ ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, तुरंत टीम ने उसे दबोच लिया।
- मामले से जुड़े दस्तावेज भी कब्जे में लिए: टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद करने के साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए। गिरफ्तारी के बाद आरोपी थाना प्रभारी से पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि रिश्वत की रकम की मांग और पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

शिक्षा विभाग के क्लर्क शाकिर को अरेस्ट कर ले जाती एसीबी।
एसीबी ने शिक्षा विभाग के क्लर्क को भी रिश्वत लेते दबोचा
उधर, एसीबी ने नूंह जिले के शिक्षा विभाग के क्लर्क शाकिर को भी 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। शाकिर पलवल जिले के घुड़ावली का रहने वाला है। वह खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नूंह में क्लर्क के पद पर तैनात था।
आरोप है कि उसने एक मेडिकल बिल पास करवाने की एवज में संबंधित व्यक्ति से 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसी दौरान आरोपी को नूंह बस स्टैंड से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया गया।
