यमन तट के पास तेल टैंकर के समीप सिलसिलेवार धमाके, चालक दल सुरक्षित

यमन (राजीव शर्मा): यमन के अपतटीय क्षेत्र में रविवार को एक तेल टैंकर के पास कई धमाकों की सूचना मिली है। इस घटना के बाद समुद्री सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है और क्षेत्र से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं एक बार फिर बढ़ गई हैं।

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने जानकारी दी कि यह घटना मोखा बंदरगाह शहर से लगभग 60 समुद्री मील दक्षिण में हुई।

एजेंसी के अनुसार, टैंकर के कंपनी सुरक्षा अधिकारी ने जहाज के बिल्कुल करीब कई विस्फोट देखे जाने की सूचना दी। बताया गया कि ये धमाके जहाज के आसपास के पानी में हुए, हालांकि इनके स्रोत या यह हमला सीधे जहाज को निशाना बनाकर किया गया था या नहीं, इस बारे में तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

चालक दल सुरक्षित होने की पुष्टि

यूकेएमटीओ ने बताया कि इस घटना के बाद चालक दल के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसके अलावा विस्फोटों के कारण किसी तरह के तेल रिसाव या पर्यावरणीय नुकसान की भी कोई सूचना नहीं है।

एजेंसी ने अभी तक टैंकर के नाम अथवा इसके मालिकाना हक से जुड़ी जानकारी का खुलासा नहीं किया है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि क्या इस घटना का संबंध यमन में चल रहे व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष से है।

अधिकारी अब पूरी घटना का आकलन कर रहे हैं और विस्फोटों से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटे हैं।

जहाजों को सतर्क रहने की सलाह

यूकेएमटीਓ ने इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले सभी व्यापारिक जहाजों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। यमन के तटीय क्षेत्र के पास परिचालन करने वाले जहाजों को पूरी तरह सतर्क रहने और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत समुद्री अधिकारियों को सूचित करने को कहा गया है।

यह ताजा रिपोर्ट यमन के निकटवर्ती शिपिंग मार्गों पर लगातार बनी हुई सुरक्षा चिंताओं के बीच आई है, जहां क्षेत्रीय तनाव के चलते समुद्री यातायात को भारी जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल अधिकारियों ने धमाकों के सही कारणों, घटना के स्वरूप या किसी जहाज को आंशिक नुकसान पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस संबंध में और विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *