रेलवे का मरम्मत कार्य शुरू, फाटक नंबर 115 चार दिनों के लिए बंद

डेरा बस्सी(गुरप्रीत सिंह): रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रैक की मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के चलते गांव ईसापुर की ओर जाने वाले रेलवे लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 115 (स्पेशल) को चार दिनों के लिए सड़क यातायात हेतु बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में सीनियर सेक्शन इंजीनियर (पथ), रेलवे, चंडीगढ़ कार्यालय की ओर से उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) डेरा बस्सी को पत्र जारी कर आवश्यक प्रबंध करने का अनुरोध किया गया है।

जारी पत्र के अनुसार रेलवे स्टेशन डीएचपीआर (दप्पर) और घघर के बीच किलोमीटर 228/10-12 पर स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 115 पर भारी मशीनों की सहायता से ट्रैक का रखरखाव एवं मरम्मत कार्य किया जाएगा। रेलवे ने बताया कि ट्रैक की सुरक्षा बनाए रखने तथा उसके और अधिक खराब होने से बचाने के लिए यह कार्य आवश्यक है।

मरम्मत कार्य के दौरान 16 जुलाई 2026 को शाम 4:00 बजे से 19 जुलाई 2026 को रात 8:00 बजे तक गांव ईसापुर की ओर जाने वाला यह रेलवे फाटक सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहन को इस लेवल क्रॉसिंग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।

रेलवे प्रशासन ने एसडीएम डेरा बस्सी से अनुरोध किया है कि इस अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

रेलवे प्रशासन ने वाहन चालकों और क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे 16 से 19 जुलाई के बीच गांव ईसापुर जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और रेलवे का मरम्मत कार्य भी सुरक्षित एवं समय पर पूरा किया जा सकेगा।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *