लुधियाना के हलका साहनेवाल के गांव चौता स्थित सरकारी स्कूल में बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू पहुंचे। उन्होंने स्कूल के प्रबंधों और सुविधाओं को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल खड़े किए। बिट्टू ने स्कूल की कक्षाओं, मिड-डे मील स्टोर, खेल मैदान और शौचालयों की स्थिति मौके पर दिखाते हुए सरकार पर निशाना साधा।
बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
बिट्टू ने कहा कि स्कूल में कुल करीब 90 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इन बच्चों को पढ़ाने के लिए केवल 2 शिक्षक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से एक शिक्षक की रोजाना किसी न किसी जगह ड्यूटी लगा दी जाती है, जिसके कारण स्कूल में अधिकांश समय केवल एक ही शिक्षक उपलब्ध रहता है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

कक्षा में झांक कर बच्चों की पढ़ाई देखते रवनीत बिट्टू।
खेल मैदान में उगी झाड़ियां
बिट्टू ने स्कूल के खेल मैदान की स्थिति भी दिखाई। उन्होंने कहा कि बच्चों के खेलने के लिए बनाए गए मैदान में झाड़ियां उगी हुई हैं। मैदान की सही तरीके से सफाई और देखभाल नहीं हो रही, जिससे विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए उचित सुविधा नहीं मिल पा रही।
बिट्टू ने स्कूल के शौचालयों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और वहां सिर्फ एक टॉयलेट सीट लगी हुई है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि इतनी संख्या में बच्चों के लिए यह व्यवस्था कैसे पर्याप्त हो सकती है।
मिड-डे मील स्टोर भी दिखाया
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्कूल में बने मिड-डे मील स्टोर का भी जायजा लिया और उसकी स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूलों की वास्तविक समस्याओं को दूर करने के बजाय पुराने कामों को ही नए तरीके से पेश करने में लगी हुई है।

टीचर से बातचीत करते रवनीत सिंह बिट्टू।
‘पुराने स्कूलों की लीपापोती कर दोबारा उद्घाटन’
रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के समय बनाए गए स्कूलों की ही मरम्मत और लीपापोती करके आम आदमी पार्टी सरकार उनके दोबारा उद्घाटन कर रही है। उन्होंने कहा कि नए स्कूल बनाने और मौजूदा स्कूलों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते।
‘रोजाना स्कूलों की हालत दिखाकर सीएम मान को घेरेंगे’
बिट्टू ने कहा कि अब वह रोजाना पंजाब के किसी न किसी सरकारी स्कूल की स्थिति लोगों के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि स्कूलों की जमीनी हकीकत दिखाकर मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरा जाएगा, ताकि पंजाब के लोगों को आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज की असलियत पता चल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार को स्कूलों में केवल उद्घाटन और प्रचार तक सीमित रहने के बजाय विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त शिक्षक, साफ-सफाई, शौचालय, खेल मैदान और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर ध्यान देना चाहिए।
