रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संशोधित वीरता पुरस्कार पोर्टल का किया शुभारंभ

Minister of State for Defence Sanjay Seth launched the revamped Gallantry Awards Portal




इस पुनर्विकसित पोर्टल में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर यूजर इंटरफेस और सुगम व्यवस्था की गई है। इसमें आसान नेविगेशन, विभिन्न उपकरणों के अनुकूल डिजाइन और बेहतर पहुंच सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पोर्टल की प्रमुख विशेषताओं में कार्यक्रम, स्मारक एवं संग्रहालय, वॉरपीडिया, पुरस्कार प्राप्तकर्ता, गैलेंट्रीपीडिया (लेख), मीडिया और संवादात्मक श्रद्धांजलि अनुभाग शामिल हैं। इनके माध्यम से लोगों को देश के सैन्य इतिहास की जानकारी मिलेगी और वे अपने वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दे सकेंगे।

गैलेंट्री अवार्ड पोर्टल पर विशेष डिजिटल अनुभाग वीर गाथा भी बनाया गया है। इसमें प्रत्येक संस्करण के लिए अलग पृष्ठ उपलब्ध है, जहां उसका परिचय, विषय, घटनाओं के घटने का कालानुक्रमिक क्रम, मूल्यांकन मानदंड, पुरस्कार, संसाधन, परिणाम, सम्मान समारोह, मीडिया गैलरी और विद्यार्थियों की गतिविधियों से संबंधित सभी जानकारियां एक स्थान पर उपलब्ध हैं। इस पहल द्वारा वीर गाथा-विद्यार्थियों को वीरता पुरस्कार पाने वाले सैनिकों की प्रेरक कहानियों से सीधे जोड़ती है। विद्यार्थी इन वीरों के साहस और बलिदान के बारे में जानने के साथ ही इनसे मिली सीख अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत करते हैं।

इस कार्यक्रम का विस्‍तार पहले संस्करण में लगभग 8 लाख विद्यार्थियों और 4,788 स्कूलों से बढ़कर पांचवें संस्करण में 1.92 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों और 1.9 लाख स्कूलों तक पहुंच गया है। इसमें केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई से संबद्ध 18 देशों के 91 स्कूलों के 28,005 विद्यार्थी भी शामिल हैं।

इस पहल का उद्देश्य वीरता पुरस्कारों, पुरस्कार पाने वाले सैनिकों, लड़े गए युद्ध और स्वतंत्रता के बाद के सैन्य अभियानों से संबंधित जानकारी का व्यापक और प्रामाणिक डिजिटल संग्रह तैयार करना है साथ ही विशेष रूप से युवाओं में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देकर भारत की समृद्ध सैन्य विरासत के प्रति जागरूकता उत्‍पन्‍न करना है।

इस आयोजन में रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह और रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *