लोक सभा अध्यक्ष ने श्री शिवराज वी. पाटिल को पुष्पांजलि अर्पित की

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):लोक सभा अध्यक्ष, श्री ओम बिरला ने आज संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में पूर्व लोक सभा अध्यक्ष श्री शिवराज वी. पाटिल की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राज्य सभा के उपसभापति श्री हरिवंश, संसद सदस्य, पूर्व संसद सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी श्री पाटिल को पुष्पांजलि अर्पित की।

लोक सभा के महासचिव श्री उत्पल कुमार सिंह तथा राज्य सभा के महासचिव श्री पी.सी. मोदी ने भी श्री पाटिल को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्री शिवराज वी. पाटिल का जन्म 12 अक्टूबर, 1935 को महाराष्ट्र के लातूर जिले के चाकुर गांव में हुआ था। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया। बॉम्बे विश्वविद्यालय से विधि में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 1972 में महाराष्ट्र विधान सभा के सदस्य के रूप में अपने विधायी जीवन की शुरुआत की। उन्होंने वर्ष 1978 से 1979 तक महाराष्ट्र विधान सभा के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। वर्ष 1980 में वे लातूर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से सातवीं लोक सभा के लिए पहली बार निर्वाचित हुए और लगातार कई लोक सभाओं में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

श्री पाटिल को दसवीं लोक सभा के अध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से निर्वाचित होने का विशिष्ट गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने 10 जुलाई, 1991 से 22 मई, 1996 तक इस पद पर कार्य किया। उन्होंने 31 मार्च, 1993 को 17 विभाग-संबंधित स्थायी समितियों के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह एक ऐतिहासिक पहल थी, जिसने कार्यपालिका की जवाबदेही सुनिश्चित करने में संसद की भूमिका को और सुदृढ़ किया। उनकी अन्य प्रमुख पहलों में संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड्स) की शुरुआत, संसद सदस्यों के लिए सूचना सेवाओं का कम्प्यूटरीकरण तथा संसदीय कार्यवाही का सीधा प्रसारण शामिल था।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *