चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को अरावली की श्रृंखला में विकसित देश के पहले ‘तीर्थंकर वनम्’ का उद्घाटन किया। यह पहल जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) गुरुग्राम चैप्टर फाउंडेशन द्वारा हरियाणा सरकार के वन विभाग के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत आवंटित सरकारी वन भूमि पर की गई है।
वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने उद्घाटन उपरांत तीर्थंकर वनम् का भ्रमण किया तथा पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में पूर्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) श्री अनिल राव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
महापुरुषों के स्मरण के साथ पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल :
इस अवसर पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने जीतो को इस अभिनव पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है और इसी दौरान अरावली क्षेत्र में तीर्थंकर वनम् जैसी पहल का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि जीतो ने जैन समाज के 24 तीर्थंकरों का स्मरण करते हुए जिस सोच और उद्देश्य के साथ इस वनम् को विकसित किया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। ऐसी पहलें लोगों को प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश देती हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से पर्यावरण संरक्षण के ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
24 तीर्थंकरों को समर्पित 24 ध्यान स्थल :
‘तीर्थंकर वनम्’ परिसर में 24 ध्यान स्थल बनाए गए हैं। प्रत्येक ध्यान स्थल जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों में से एक को समर्पित है। इस प्रकार यह वनम् आध्यात्मिक चिंतन, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।
जीतो एनवायरनमेंट एंड सस्टेनिबिलिटी के चेयरमैन श्री आनंद चोरडिया ने बताया कि गुरुग्राम से शुरू हुई इस पहल को देश के अन्य हिस्सों तक भी ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैन समाज के 24 तीर्थंकरों के स्मरण में देशभर में 24 तीर्थंकर वनम् स्थापित करने की योजना है। प्रथम चरण में 24 तीर्थंकर वनम् विकसित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक श्री सुभाष यादव, जीतो अपेक्स के निदेशक श्री रमन जैन, जीतो एनवायरनमेंट एंड सस्टेनिबिलिटी के चेयरमैन श्री आनंद चोरडिया, अमन फाउंडेशन के संस्थापक एवं जीतो नॉर्थ जोन के एनवायरनमेंट एंड सस्टेनिबिलिटी संयोजक श्री अनिल जैन, जीतो गुरुग्राम चैप्टर के चेयरमैन श्री संजय जैन, निवर्तमान चेयरमैन श्री शैलेश जैन, परियोजना समन्वयक श्रीमती इंदु जैन, मुख्य सचिव श्री अभिक जैन, मानव आवाज संस्था के संयोजक श्री अभय जैन एडवोकेट, श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर जैन बारादरी के प्रधान श्री नरेश कुमार जैन, सेक्टर-14 जैन समाज के प्रधान श्री नरेश जैन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
