विशेष अभियान 6.0 के तहत DARE-ICAR ने देशभर में साफ किए लगभग 8,000 स्थान

नई दिल्ली (राजीव शर्मा):कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग (डीएआरई) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने देश भर में अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और कार्यालय-स्थान सुधार गतिविधियों के माध्यम से विशेष अभियान 6.0 पूरा किया है। इस अभियान के दौरान डीएआरई-आईसीएआर की सभी शाखाओं में लगभग 8,000 स्‍थानों की सफाई की गई।

गतिविधियों में रिकॉर्ड प्रबंधन, डिजिटलीकरण, वृक्षारोपण, पर्यावरण अनुकूल विधियां, नागरिक-केंद्रित विधियां, अपशिष्‍ट निपटान, इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट प्रबंधन और कार्यालय स्थानों की वृद्धि शामिल थी। इस दौरान 13,000 से अधिक भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की छंटाई की गई। इस अभियान ने 14 लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया और 4,000 वर्ग फुट से अधिक जगह खाली की गई।

संस्थान परिसरों के अधिकारियों ने स्वच्छता के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किए। कई परिसरों में मुफ्त चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए गए। सफाई मित्रों का सम्मान भी एक निरंतर अभ्यास रहा है।

इस अभियान में सभी स्तरों के अधिकारियों ने कार्यालय परिसर के अंदर और परिसरों के आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। परिसरों के आसपास के खेतों, मैदानों और सड़कों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। धातु और प्लास्टिक कचरे को सामान्य कचरे से अलग रखने पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे स्वच्छता में सुधार हुआ।

विशेष अभियान 6.0 ने कार्यस्थलों के आसपास जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता को बढ़ावा दिया। अभियान के तहत स्वच्छता उपलब्धियां निर्धारित लक्ष्यों से अधिक रहीं।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *