कांग्रेस ने संविधान का उल्लंघन किया, वोटों की चोरी की’, मनोहर लाल खट्टर का तीखा हमला

करनाल(बलविंदर सिंह):केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आज संविधान की बात करने वाली यही पार्टी आपातकाल के दौरान संविधान को कुचलने के लिए जिम्मेदार थी।

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करने पहुंचे खट्टर ने कहा कि कांग्रेस आज ‘संविधान यात्रा’ निकाल रही है, लेकिन अपने 50-55 साल के शासनकाल में इसी पार्टी ने संविधान को नुकसान पहुंचाया था। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा उदाहरण आपातकाल है, जिसका काला अध्याय आज भी देश को याद है। खट्टर के मुताबिक, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने आपातकाल लागू किया था।

उन्होंने कहा कि लोकसभा का कार्यकाल सामान्य तौर पर कभी पांच साल से आगे नहीं बढ़ाया गया, लेकिन आपातकाल के दौरान ऐसा किया गया। खट्टर ने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए पहली बार लोकसभा का कार्यकाल पांच से बढ़ाकर छह साल कर दिया और इसके बाद चुनाव करवाए। उन्होंने इसे संविधान को कमजोर करने वाला कदम बताया।

‘वोट चोरी’ के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए खट्टर ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य सत्ता हासिल करना है और वोटों की चोरी का काम हमेशा उसी पार्टी ने किया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को साफ करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चलाई जा रही है।

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि इस प्रक्रिया के तहत गलत वोटों को मतदाता सूची से हटाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले ऐसे फर्जी वोट बनवाती थी और चुनावों में उनका इस्तेमाल करती थी।

इससे पहले खट्टर ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें सेक्टर-32 में 10.1 करोड़ रुपये की लागत से बना वृद्धाश्रम, शक्ति कॉलोनी में 74.04 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कमर्शियल ब्लॉक और 13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कामकाजी महिलाओं का हॉस्टल शामिल हैं।

इसके अलावा उन्होंने मीरा सद्भावना चौक पर 1.55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार म्यूजिकल फाउंटेन और नवीनीकृत चौक का भी उद्घाटन किया।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *