जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर में मेयर विनीत धीर की शुक्राना यात्रा के दौरान दो गुटों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में ईंट-पत्थरबाजी में बदल गई। इससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि झड़प में किन लोगों की भूमिका थी या क्या इसमें किसी आपराधिक गिरोह के सदस्य शामिल थे। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों का गठन किया है। उपलब्ध वीडियो, CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मेयर विनीत धीर की यह शुक्राना यात्रा उन्हें आम आदमी पार्टी द्वारा जालंधर नॉर्थ हलके का प्रभारी बनाए जाने के बाद आयोजित की गई थी। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
