कोल इंडिया के 51 साल पूरे, अक्टूबर 2026 में रिकॉर्ड उत्पादन के साथ मनाया जश्न

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):कोयला मंत्रालय के अंतर्गत देश की प्रमुख कोयला उत्पादक कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने अक्टूबर 2026 में कंपनी ने कई रिकॉर्ड तोड़ उपलब्धियां हासिल करने के साथ, 1 नवंबर 2026 को अपना 51वां स्थापना दिवस मनाया। कंपनी ने अब तक का अपना सर्वाधिक मासिक कोयला उत्पादन और कुल कोयला आपूर्ति दर्ज की, साथ ही बिजली क्षेत्र को भी अब तक की सबसे अधिक मासिक कोयला आपूर्ति की।

अक्टूबर 2026 में, सीआईएल ने किसी भी महीने में अब तक की सर्वाधिक, कुल 70.3 मिलियन टन (एमटी) कोयला आपूर्ति के साथ, मार्च 2026 में बने 69.4 एमटी के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 19% की वृद्धि को दर्शाता है।

बिजली क्षेत्र को कोयले की आपूर्ति ने भी एक नया मुकाम हासिल किया है। सीआईएल ने बिजली क्षेत्र को 57.1 एमटी कोयले की आपूर्ति की, जो अब तक की सबसे अधिक मासिक आपूर्ति है। इससे पहले का रिकॉर्ड 56.5 एमटी का था, जो मई 2024 में बना था। बिजली क्षेत्र को की गई इस आपूर्ति में पिछले साल के मुकाबले 19% की वृद्धि दर्ज की गई है।

कंपनी ने कोयला उत्पादन में भी एक अहम उपलब्धि हासिल की है। अक्टूबर के महीने में 67.2 एमटी कोयले का उत्पादन हुआ, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक उत्पादन है। यह अक्टूबर 2024 में बने 62.47 एमटी के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है और इसमें पिछले साल के मुकाबले 19% की वृद्धि हुई है।

एक अन्य बड़ी उपलब्धि में, रेलवे कोयला निकासी में रिकॉर्ड प्रदर्शन देखा गया, बिजली क्षेत्र के लिए दैनिक रेक लोडिंग 310 रेक तक पहुंच गई, जो किसी भी महीने में अब तक की सबसे अधिक उपलब्धि है। इसने मार्च 2025 में प्राप्त 302.8 रेक प्रतिदिन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

ये उल्लेखनीय उपलब्धियां इसलिए भी विशेष महत्व रखती हैं क्योंकि कोल इंडिया अपने अस्तित्व के 51 गौरवशाली वर्ष मना रहा है और राष्ट्र की सेवा के 52वें वर्ष की शुरुआत कर रहा है। 1 नवंबर 1975 को स्थापित, कोल इंडिया ने पिछले पांच दशकों में कई परिवर्तन देखे हैं और एकता, दृढ़ संकल्प और सामूहिक संकल्प के साथ आगे बढ़ते हुए कई चुनौतियों को पार किया है।

अपने कामकाज के पहले साल में 79 एमटी (मिलियन टन) सालाना कोयला उत्पादन से लेकर, कोल इंडिया ने दशकों तक लगातार विकास किया है। वित्त वर्ष 2025–26 में इसका उत्पादन बढ़कर 768 एमटी हो गया है-जो पिछले पांच दशकों में लगभग 10 गुना वृद्धि को दर्शाता है। वित्त वर्ष 2026–27 के लिए उत्पादन लक्ष्य 815 एमटी तय किया गया है।

अक्टूबर 2026 के दौरान कंपनी के शानदार प्रदर्शन से उत्पादन बढ़ाने, कोयले की निकासी को मजबूत करने और देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त और भरोसेमंद कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने पर कोल इंडिया के निरंतर फोकस का पता चलता है।

जैसे-जैसे कोल इंडिया अपने 52वें वर्ष में प्रवेश कर रही है, कंपनी विकास और बदलाव की अपनी विरासत को आगे बढ़ाने तथा भारत की ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्रीय विकास में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *