शहरों की सड़कों और चौराहों पर बढ़ेगी रोशनी, रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत: महीपाल ढांडा

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी बुनियादी ढांचे को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में दिव्य नगर योजना के अंतर्गत पानीपत नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम और सीसीएमएस (सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम) लगाने के लिए 4097.75 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही, योजना के तहत 2048.87 लाख रुपये आवंटित करने को भी मंजूरी दी गई है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की स्वीकृति से जारी की गई है। इसके लिए शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि पानीपत नगर निगम के कार्यालय से इस विकास परियोजना का प्रस्ताव और अनुमान प्रस्तुत किया गया था। आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीएमएस लगने से शहर की सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी व्यवस्था अधिक प्रभावी व ऊर्जा-दक्ष बनेगी। इससे नागरिकों व विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित होगी और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना की कुल स्वीकृत राशि 4097.75 लाख रुपये में से 50 प्रतिशत यानी 2048.87 लाख रुपये दिव्य नगर योजना के दिशानिर्देशों के अनुसार पानीपत नगर निगम द्वारा अपने स्वयं के कोष से वहन किए जाएंगे। नगर निगम राज्य के हिस्से की प्राप्ति से पहले योजना के अंतर्गत अपने हिस्से का उपयोग करेगा, जबकि राज्य का हिस्सा केवल वास्तविक रूप से किए गए कार्य के आधार पर, निर्धारित प्रक्रिया के अधीन और मांग पर ही जारी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्य को उच्च गुणवत्ता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए स्पष्ट शर्तें निर्धारित की गई हैं। नगर निगम आयुक्त यह सुनिश्चित करेंगे कि यह कार्य केवल नगर निगम के अधिकृत एवं अनुमोदित क्षेत्र में ही हो।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्य का निष्पादन विद्युत अधिनियम, 2003, लागू सीईए सुरक्षा विनियमों, भारत के राष्ट्रीय विद्युत संहिता और संबंधित बीआईएस मानकों के प्रावधानों के अनुरूप होगा, जिसमें एलईडी स्ट्रीट-लाइटिंग सिस्टम की स्थापना, अर्थिंग, सुरक्षा व संचालन के मानक शामिल हैं।

मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से पानीपत शहर की शहरी सुविधाओं में बड़ा सुधार आएगा और आमजन को बेहतर, सुरक्षित व आधुनिक नागरिक सेवाएं मिल सकेंगी।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *