चंडीगढ़ में BSP का प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, नगर निगम चुनावों के लिए संगठन मजबूत करने पर जोर

चंडीगढ़(नवल किशोर):बहुजन समाज पार्टी, चंडीगढ़ यूनिट के तत्वावधान में आज सेक्टर-29 स्थित देश सेवक भवन में प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय एवं केंद्रीय नेतृत्व के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिरकत की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री रामजी गौतम जी, राज्यसभा सांसद एवं केंद्रीय प्रभारी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री विपुल कुमार जी, केंद्रीय प्रभारी पंजाब एवं चंडीगढ़ तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी जी, पंजाब प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रभारी चंडीगढ़ ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा इंचार्ज सरदार सुरेंद्र सिंह खुड्डा जी ने की तथा मंच संचालन पार्टी के मीडिया इंचार्ज श्री दिनेश दहिया जी ने किया।

मुख्य अतिथि श्री रामजी गौतम जी ने अपने संबोधन में कहा कि बहुजन समाज पार्टी चंडीगढ़ आगामी नगर निगम चुनावों को पूरी मजबूती के साथ तैयारी कर रही है । इसके लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने वार्ड, बूथ एवं सेक्टर कमेटियों को सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता बहुजन महापुरुषों की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि श्री विपुल कुमार जी ने कहा कि चंडीगढ़ में बहुजन समाज पार्टी के संगठन का विस्तार और मजबूती पार्टी की प्राथमिकता है। सभी कार्यकर्ता आपसी तालमेल और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करें।

अति विशिष्ट अतिथि डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी जी ने कहा कि माननीय बहन कुमारी मायावती जी के दिशा-निर्देशों के अनुसार चंडीगढ़ में संगठनात्मक एवं चुनावी गतिविधियों को तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी मजबूत एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी के प्रचार-प्रसार और संगठन विस्तार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर आर्थिक एवं संगठनात्मक स्तर पर भी आवश्यक सहयोग और तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लोकसभा इंचार्ज सरदार सुरेंद्र सिंह खुड्डा जी ने सभी मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को चंडीगढ़ में पूरी मजबूती के साथ लागू किया जाएगा। पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे तथा आगामी नगर निगम चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे।

इस सम्मेलन में पंजाब प्रदेश महासचिव राजा सिंह नन्हेरिया जी,हरभजन सिंह बजहेड़ी जी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री बृजपाल जी, श्री सुखदेव सिंह सोनू जी, डॉ. निर्मल सिंह बीका जी, जोन इंचार्ज श्री शंकर राव जी, एडवोकेट विक्रांत जी, श्री इंद्रवीर जी, श्री त्रिलोक चंद जी, श्री गिरवर जी,श्री रोबिन सिंह जी, श्री विजय कुमार जी तथा BAMCEF अध्यक्ष श्री पवन चौहान जी सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त चंडीगढ़ के सभी वार्ड अध्यक्षों, बूथ कमेटियों, सेक्टर कमेटियों के पदाधिकारियों एवं बहुजन वॉलंटियर फोर्स (BVF) की टीम ने भी सम्मेलन में भाग लिया।

सम्मेलन के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर बहुजन समाज पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों में पूरी ताकत के साथ उतरने का संकल्प लिया।

जय भीम! जय भारत!

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *