पंजाब के गुरदासपुर जिले के मकोड़ा पत्तन क्षेत्र में रावी नदी पार कर रही एक नाव बीच धारा में फंस गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पानी का बहाव कम होने के कारण यात्रियों को नाव से उतरकर नदी के बीच से पैदल चलते हुए सुरक्षित किनारे तक पहुंचना पड़ा। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, मकोड़ा पत्तन में अस्थायी पंटून पुल हटाए जाने के बाद आसपास के कई गांवों के लोग आवागमन के लिए नावों पर निर्भर हैं। इसी दौरान नाव बीच नदी में फंस गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र के सात गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से प्रभावित है और पुल न होने के कारण रोजमर्रा के काम, पढ़ाई और इलाज के लिए लोगों को नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ रही है। ग्रामीण लंबे समय से यहां स्थायी पुल बनाने की मांग कर रहे हैं।
घटना के बाद प्रशासन को भी सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने पर इस मार्ग से आवागमन और अधिक जोखिम भरा हो जाता है। उन्होंने सरकार से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
