राजस्थान की वीडियो को पंजाब का बताकर फैलाया जा रहा झूठ, ‘लाइक्स-व्यूज’ के लिए साजिश: बलतेज पन्नू

चंडीगढ़(गुरप्रीत सिंह):आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह भज्जी तथा अन्य सेलिब्रिटीज द्वारा सोशल मीडिया पर पंजाब को बदनाम करने के लिए चलाई जा रही कथित मुहिम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने भज्जी को सम्मान देकर राज्यसभा की कुर्सी पर बैठाया, उसी के साथ पीठ में छुरा घोंपकर वे भाजपा की गोद में जा बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज ये बिकाऊ नेता और सेलिब्रिटीज भाजपा के इशारों पर नाच रहे हैं और उनके द्वारा परोसे गए झूठ को आंखें मूंदकर वायरल कर पंजाब, पंजाब पुलिस और सरकार की छवि खराब करने की साजिश रच रहे हैं।

मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए बलतेज पन्नू ने स्पष्ट किया कि हरभजन सिंह भज्जी और सोनू सूद जैसे सेलिब्रिटीज द्वारा जिस वीडियो को पंजाब का बताकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, वह पंजाब का नहीं बल्कि राजस्थान का है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की जांच किए केवल ‘लाइक्स’ और ‘व्यूज’ बटोरने के लिए ऐसी फर्जी वीडियो पोस्ट कर पंजाब को बदनाम किया जा रहा है।

पन्नू ने सवाल उठाया कि जब मुंद्रा पोर्ट (गुजरात) से हजारों किलो नशीला पदार्थ बरामद होने की खबरें सामने आई थीं और यह दावा किया गया था कि उसमें से कुछ नशीला पदार्थ चूहों ने खा लिया, तब ये नेता और सेलिब्रिटीज चुप क्यों थे? उन्होंने कहा कि नशा आज एक वैश्विक समस्या है, जिसके खिलाफ एफबीआई के ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ जैसी कार्रवाइयां भी चल रही हैं, लेकिन पंजाब में भाजपा के कथित राजनीतिक एजेंडे के तहत राज्य को निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में नशे के खिलाफ ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत जिला, विधानसभा, कस्बा और गांव स्तर तक ‘विलेज डिफेंस कमेटियों’ के माध्यम से जमीनी स्तर पर लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं और आम लोग डायरेक्ट ऐप के माध्यम से डीजीपी और मुख्यमंत्री तक नशे से संबंधित सूचनाएं पहुंचा रहे हैं।

पंजाब पुलिस के प्रदर्शन के आंकड़े साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 1 मार्च 2025 से 9 अगस्त 2026 तक पंजाब पुलिस ने 56,267 मामले दर्ज किए और 75,552 आरोपियों को नामजद किया। इसके अलावा 3,575 किलो हेरोइन, 509 किलो स्मैक, 880 किलो अफीम, 43,271 किलो पोस्त (डोडे) और 95 किलो से अधिक चरस बरामद की गई। इस दौरान 21 करोड़ 71 लाख 267 रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गई।

पन्नू ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या 2007 से 2017 के बीच पिछली सरकारों के कार्यकाल में शुरू हुई थी, जिसने पूरी पीढ़ी को बर्बाद कर दिया। उन्होंने दावा किया कि आज मान सरकार के प्रयासों से युवाओं को खेलों की ओर मोड़ा गया है। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और भारतीय हॉकी टीम के 9 खिलाड़ी पंजाब से हैं। उन्होंने हरभजन सिंह भज्जी पर निशाना साधते हुए पूछा कि खुद खिलाड़ी रहते हुए उन्होंने पंजाब के बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए क्या योगदान दिया?

पन्नू ने पंजाब के लोगों, पंजाब पुलिस और विलेज डिफेंस कमेटियों के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार और पंजाब के लोग इस अभियान में पूरी तरह से डटे हुए हैं। उन्होंने भज्जी और अन्य लोगों द्वारा पंजाब को बदनाम करने के लिए कथित तौर पर रची जा रही ऐसी झूठी साजिशों की कड़े शब्दों में निंदा की।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *