उत्तर प्रदेश(राजीव शर्मा): उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक मुरादाबाद में सम्पन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह एडवोकेट ने की। बैठक में मुरादाबाद, कांठ, ठाकुरद्वारा, अमरोहा, धामपुर, बरेली, रामपुर, नजीबाबाद, शाहजहांपुर (पुवायां), लखीमपुर खीरी (बेला पहाड़ा), मोहम्मदी, पीलीभीत, नोएडा एवं गाजियाबाद सहित अनेक जनपदों से गुरुद्वारा साहिबों के प्रधान, सचिव, वरिष्ठ सिख प्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।🙏
बैठक में एडवोकेट ए.जे. सिंह (धामपुर), सरदार माविक सिंह (प्रधान, मॉडल टाउन बरेली), सरदार देवेंद्र सिंह राजपाल (मिलक रामपुर), सरदार उपकार सिंह (पुवायां), सरदार बलवीर सिंह (बेला पहाड़ा), श्री बॉबी संधू (मोहम्मदी), सरदार हरदेव सिंह जी एवं सरदार कमलजीत सिंह जी (पीलीभीत) सहित अनेक गुरुद्वारा प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त ज्ञानी फतेह सिंह जी (मुरादाबाद) तथा गुरुद्वारा साहिब ठाकुरद्वारा के पदाधिकारीगण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने सिख समाज की एकता एवं संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार व्यक्त किए।

उन्होंने लखनऊ से विशेष रूप से उनके साथ सम्मिलित हुए सरदार चरणजीत सिंह होरा,सरदार हरप्रीत सिंह का विशेष आभार ज्ञापित किया।।
अपने संबोधन में सरदार परविंदर सिंह एडवोकेट ने कहा कि उत्तर प्रदेश के समस्त गुरुद्वारे, सिख संगठन एवं समाजसेवी संस्थाएं एक मंच पर आकर समाज के अधिकारों, सम्मान एवं भविष्य के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने सिख समाज को सम्मान देने और सिख इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि उनके निवेदन पर उत्तर प्रदेश में सर्वप्रथम “साहिबजादा दिवस” मनाने की शुरुआत की गई, जिसे बाद में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा पूरे भारतवर्ष में “वीर बाल दिवस” के रूप में मनाने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त उनके प्रयासों से उत्तर प्रदेश की कक्षा 8, 9 एवं 10 के पाठ्यक्रमों में श्री गुरु नानक देव जी महाराज, श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज, दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज तथा चारों साहिबजादों के इतिहास को शामिल किया गया, जिससे नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित हो रही है।

सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि उनके द्वारा किए गए निवेदनों पर प्रदेश सरकार ने विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों हेतु धनराशि आवंटित की तथा सिख समाज के हितों से जुड़े अनेक विषयों पर सकारात्मक निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निरंतर सिख समाज के हितों, धार्मिक स्थलों के संरक्षण तथा सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन के लिए कार्य कर रही है।
इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार गुरप्रीत सिंह दुआ द्वारा आयोजित इस सफल कार्यक्रम के लिए विशेष आभार व्यक्त किया तथा कहा कि मुरादाबाद को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के समस्त सिख समाज से आह्वान किया कि वे अपनी समस्याएं, सुझाव एवं मांगें सरदार गुरप्रीत सिंह दुआ के माध्यम से कोऑर्डिनेशन कमेटी तक पहुंचाएं, जिससे उन्हें शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
🌹🌹🌹🌹
संगत • सेवा • संगठन • सम्मान
एकजुट सिख समाज, सशक्त समाज — यही हमारा संकल्प।
