चंडीगढ़(गुरप्रीत सिंह): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज पहली बार फ्रेंचाइजी आधारित शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट लीग का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट राज्य के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल में आगे बढ़ने के अवसर देने में अहम भूमिका निभाएगा। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) द्वारा आयोजित उद्घाटन संस्करण में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं और यह टूर्नामेंट 13 सितंबर तक पीसीए क्रिकेट स्टेडियम, मोहाली में खेला जाएगा।
खिलाड़ियों और आयोजकों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह लीग पंजाब के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करने तथा स्थापित खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, “शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग पंजाब में क्रिकेट को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को खेल में आगे बढ़ने के अधिक अवसर देने के लिए आयोजित की जा रही है। यह लीग पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आईपीएल की तर्ज पर आयोजित की जा रही है।”




आज आयोजित उद्घाटन समारोह में टूर्नामेंट का पहला मुकाबला अमृतसर सूरमा और मोहाली किंग्स के बीच खेला गया। यह लीग दो सप्ताह तक चलेगी, जिसका फाइनल 13 सितंबर को होगा। सभी मुकाबले मोहाली के पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे हैं।
पंजाब भारतीय क्रिकेट के पावरहाउस के रूप में उभर रहा है
भारतीय क्रिकेट में पंजाब के बहुमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य ने लगातार ऐसे खिलाड़ी तैयार किए हैं, जिन्होंने देश का उच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा, “आज पंजाब के लिए यह बेहद गर्व की बात है कि भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के कप्तान क्रमशः शुभमन गिल और हरमनप्रीत कौर पंजाब से हैं। इस समय पंजाब के 21 खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि इस समय भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम में पंजाब के चार खिलाड़ी हैं, जिनमें कप्तान शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ शामिल हैं।
राज्य की समृद्ध क्रिकेट विरासत के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने लाला अमरनाथ, बिशन सिंह बेदी, मोहिंदर अमरनाथ, यशपाल शर्मा और युवराज सिंह जैसे महान क्रिकेटर दिए हैं। उन्होंने कहा कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी के लिए समर्पित मंच तैयार कर इस विरासत को और मजबूत करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने और पूरे पंजाब में बेहतर खेल बुनियादी ढांचा तैयार करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा, “नशों के खिलाफ जंग में खेल सबसे प्रभावी हथियार हैं। इसी वजह से राज्य सरकार खेलों पर विशेष जोर दे रही है और युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने के अवसर प्रदान कर रही है।”
उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पूरे राज्य में 3,100 खेल मैदान बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य में खेलों के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट रखा गया है, जो खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर प्रदान करने में मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसके परिणाम पहले से ही दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि पंजाब के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
खेडां वतन पंजाब दियां’ 5 सितंबर को बठिंडा से शुरू होंगी
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि उनकी सरकार 5 सितंबर को बठिंडा से सबसे बड़े खेल महाकुंभ ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा, खिलाड़ियों की तीन पीढ़ियां इस खेल आयोजन में हिस्सा लेंगी, जो इसे पंजाब की खेल भावना का अनूठा उत्सव बनाएगा।”**
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार के प्रयासों का उद्देश्य पूरे राज्य में मजबूत खेल संस्कृति तैयार करना और यह सुनिश्चित करना है कि पंजाब के युवाओं को खेलों में सफलता हासिल करने के लिए उचित मंच उपलब्ध हों।
इस अवसर पर लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर और अन्य प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।
इस उद्घाटन संस्करण में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें से प्रत्येक टीम की कमान पंजाब के प्रमुख क्रिकेटरों के हाथों में है। फाजिल्का फाल्कन्स की कप्तानी शुभमन गिल, लुधियाना लायंस की अर्शदीप सिंह, अमृतसर सूरमा की अभिषेक शर्मा, जालंधर वॉरियर्स की प्रभसिमरन सिंह, मोहाली किंग्स की रमणदीप सिंह और बठिंडा रॉयल्स की कप्तानी गुरनूर बराड़ कर रहे हैं।
इस लीग में पंजाब के प्रमुख क्रिकेटर भी शामिल हैं, जिनमें अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मार्कंडे, नमन धीर, विहान मल्होत्रा, इमानजोत सिंह चहल, अश्वनी कुमार और कृष भगत शामिल हैं। पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ियों के पूल में से विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों का प्रतिनिधित्व करने के लिए नीलामी के माध्यम से 119 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
