भारतीय नौसेना को सौंपा गया स्वदेशी युद्धपोत विंध्यगिरि, अत्याधुनिक युद्धक क्षमताओं से लैस

नई दिल्ली(राजीव शर्मा):नीलगिरि श्रेणी (परियोजना 17ए) का सातवां एवं अंतिम युद्धपोत ‘विंध्यगिरि’ (यार्ड संख्या 3024) 27 नवंबर, 2023 को कोलकाता में भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। इसका निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) द्वारा किया गया है। इसके साथ ही परियोजना 17ए के अंतर्गत सभी सात युद्धपोतों की सुपुर्दगी सफलतापूर्वक पूर्ण हो गई है। यह उपलब्धि स्वदेशी युद्धपोत अभिकल्पना एवं निर्माण के क्षेत्र में भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता, आत्मनिर्भरता और रक्षा विनिर्माण में सशक्त होती स्वदेशी भागीदारी का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

परियोजना 17ए के अंतर्गत निर्मित सभी जहाज बहुउद्देशीय युद्धपोत हैं, जो विभिन्न प्रकार के समुद्री अभियानों को पूरा करने में सक्षम हैं। इन्हें समुद्री क्षेत्र में वर्तमान एवं भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कर्नाटक की विंध्यगिरि पर्वत श्रृंखला के नाम पर इस युद्धपोत का नामकरण किया गया है। इसका यह नाम इसके पूर्ववर्ती जहाज आईएनएस विंध्यगिरि की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाता है, जो लीएंडर श्रेणी का युद्धपोत था। पुराना आईएनएस विंध्यगिरि 8 जुलाई 1981 से लेकर 11 जून 2012 तक भारतीय नौसेना का हिस्सा रहा और उसने 31 वर्षों तक राष्ट्र की निष्ठापूर्वक सेवा की। अब नया विंध्यगिरि अत्याधुनिक तकनीकों एवं उन्नत प्रणालियों से सुसज्जित है, जो नौसैनिक अभिकल्पना, गोपनीय संचालन शक्ति, मारक क्षमता, स्वचालन व प्रतिकूल परिस्थितियों में परिचालन क्षमता के क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण प्रगति को प्रदर्शित करता है। इसके साथ ही, यह स्वदेशी युद्धपोत अभिकल्पना एवं निर्माण के क्षेत्र में भी भारत की बढ़ती सामर्थ्य और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है।

वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो (डब्ल्यूडीबी) द्वारा अभिकल्पित और युद्धपोत पर्यवेक्षण दल (कोलकाता) की निगरानी में निर्मित परियोजना 17ए के जहाज स्वदेशी युद्धपोत अभिकल्पना, गोपनीय संचालन क्षमता, उत्तरजीविता एवं युद्धक शक्ति के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पीढ़ीगत प्रगति का प्रतिनिधित्व करते हैं। परियोजना 17 (शिवालिक श्रेणी) के युद्धपोतों की तुलना में इन जहाजों में हथियारों एवं संवेदकों की अधिक उन्नत प्रणालियां स्थापित की गई हैं। इनमें संयुक्त डीजल अथवा गैस टरबाइन प्रणोदन प्रणाली (सीओडीओजी) का उपयोग किया गया है, जिसमें एक डीजल इंजन और एक गैस टरबाइन शामिल हैं। ये दोनों प्रणालियां प्रत्येक शाफ्ट पर स्थापित परिवर्तनीय पिच प्रोपेलर (सीपीपी) को संचालित करती हैं। इसके अतिरिक्त, इन युद्धपोतों में अत्याधुनिक एकीकृत प्लेटफॉर्म प्रबंधन प्रणाली (आईपीएमएस) भी स्थापित की गई है, जो विभिन्न पोत प्रणालियों के प्रभावी नियंत्रण एवं निगरानी में सहायक है। उन्नत हथियार प्रणालियों, अत्याधुनिक संवेदकों और आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित ये युद्धपोत सतह-रोधी संघर्ष, वायु-रोधी युद्ध तथा पनडुब्बी-रोधी कार्रवाई के तीनों प्रमुख क्षेत्रों में भारतीय नौसेना की बहुआयामी युद्धक क्षमता को उल्लेखनीय रूप से सुदृढ़ करते हैं।

विंध्यगिरि का सौंपा जाना भारतीय नौसेना के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। परियोजना 17ए फ्रिगेट में पहले ‘आईएनएस नीलगिरि’ की सुपुर्दगी के मात्र 23 महीनों के भीतर सभी सात 17ए फ्रिगेट जहाज भारतीय नौसेना को सौंप दिए गए (https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2086668)। इसके अतिरिक्त, परियोजना 17ए के अंतर्गत पूर्ववर्ती छह युद्धपोतों के निर्माण से प्राप्त अनुभव एवं तकनीकी दक्षता के परिणामस्वरूप ‘विंध्यगिरि’ के निर्माण की अवधि घटाकर 68 महीने कर दी गई, जबकि इस श्रेणी के पहले युद्धपोत ‘आईएनएस नीलगिरि’ के निर्माण में 84 महीने लगे थे। ‘विंध्यगिरि’ का नौसेना को उपलब्ध कराया जाना भारत की स्वदेशी अभिकल्पना, जहाज निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षमताओं का परिचायक है। यह युद्धपोत अभिकल्पना और निर्माण अर्थात दोनों ही क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए भारतीय नौसेना की निरंतर प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करता है। इस परियोजना में लगभग 75 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है और इसमें 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों ने अपना योगदान दिया है। इसके परिणामस्वरूप लगभग 4,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *