पंजाब के बठिंडा में मिलिट्री इंटेलिजेंस और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बठिंडा कैंट स्थित संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी करने और उनकी लोकेशन व अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां पाकिस्तान में बैठे ISI ऑपरेटिव्स तक पहुंचाने का आरोप है। इस मामले में एक अन्य संदिग्ध के फरार होने की भी जानकारी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सतनाम सिंह उर्फ सत्तू निवासी गांव जखरावां, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह पाकिस्तान में बैठे कई ISI ऑपरेटिव्स के संपर्क में था। इनमें राणा नाम का एक ऑपरेटिव भी शामिल बताया जा रहा है। आरोप है कि सतनाम उनके निर्देश पर बठिंडा आर्मी स्टेशन के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों की जानकारी जुटाकर सीमा पार भेजता था। इस काम के बदले उसे 10 हजार रुपये मिलने की बात भी सामने आई है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी और उसके संपर्कों की गतिविधियों को लेकर इनपुट मिलने के बाद काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा ने मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट बठिंडा (साउथ वेस्टर्न कमांड) और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। पुलिस को यह भी आशंका है कि आरोपी और उसके साथी आर्मी स्टेशन के एक गेट पर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। हालांकि, इस पहलू की जांच जारी है। एक अन्य संदिग्ध मौके से फरार बताया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
मामले में थाना सिविल लाइंस बठिंडा में 25 नवंबर 2026 को FIR दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(3) और 152 तथा ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने कितनी संवेदनशील जानकारियां साझा कीं और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सतनाम सिंह का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ फिरोजपुर जिले में तीन मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में थाना सदर फिरोजपुर में दर्ज एक मामले में वह जमानत पर था। इसके अलावा फरवरी 2026 में ड्रोन और कारतूस बरामदगी से जुड़े आर्म्स एक्ट के मामले तथा सितंबर 2026 में 6.25 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी से जुड़े NDPS मामले में भी वह वांछित बताया गया है।
इससे पहले जून 2026 में बठिंडा के हाई-सिक्योरिटी सैन्य क्षेत्र के आसपास सुरक्षा कर्मियों की आवाजाही पर कथित निगरानी से जुड़े एक अन्य मामले में अमृतसर के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अब ताजा गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां दोनों मामलों के बीच किसी संभावित संबंध और पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव्स के नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।
