चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए BJP ने 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की: देवेंद्र बबला को वार्ड-10 से टिकट, मौजूदा मेयर सौरभ जोशी भी मैदान में; 7 महिलाओं को मौका

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 35 वार्डों में से 23 पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। इस सूची में वरिष्ठ नेता देवेंद्र बबला को वार्ड नंबर 10 से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि मौजूदा मेयर सौरभ जोशी को वार्ड नंबर 12 से टिकट दिया गया है। भाजपा ने पहली सूची में 7 महिलाओं को भी चुनाव मैदान में उतारा है।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची पर राज्यसभा सांसद और भाजपा मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग के हस्ताक्षर हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब बाकी 12 वार्डों के प्रत्याशियों के नामों का इंतजार है।

पार्टी ने वार्ड नंबर 1 से गुरविंदर सिंह, वार्ड नंबर 4 से रविंदर लोहाट, वार्ड नंबर 6 से जगतार सिंह ढिल्लों और वार्ड नंबर 7 से अरविंद सिंह को टिकट दिया है। वार्ड नंबर 8 से किरण सिंह, वार्ड नंबर 10 से देवेंद्र बबला, वार्ड नंबर 11 से सुमिता कोहली और वार्ड नंबर 12 से सौरभ जोशी चुनाव लड़ेंगे।

इसी तरह वार्ड नंबर 13 से सुखजीवन कौर, वार्ड नंबर 16 से रोहित घबरी, वार्ड नंबर 17 से एडवोकेट मीनाक्षी सिंह और वार्ड नंबर 18 से राजेश कुमार गुप्ता (बिट्टू) को उम्मीदवार बनाया गया है। वार्ड नंबर 20 से अभय झा, वार्ड नंबर 21 से सुनीता कौर, वार्ड नंबर 22 से दीपक शर्मा और वार्ड नंबर 24 से दीपक महाजन को टिकट मिला है।

बाकी घोषित उम्मीदवारों में वार्ड नंबर 26 से रेखा सूद, वार्ड नंबर 27 से गुरबक्स रावत, वार्ड नंबर 28 से अमित मिश्रा, वार्ड नंबर 29 से प्रिया वहरोत्रा, वार्ड नंबर 33 से कंवरजीत सिंह राणा, वार्ड नंबर 34 से भूपेंद्र शर्मा और वार्ड नंबर 35 से राजिंदर कुमार शर्मा शामिल हैं।

चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 वार्ड हैं। चुनाव के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 26 दिसंबर को की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू हो चुकी है। नामांकन जमा कराने की अंतिम तारीख 3 दिसंबर निर्धारित की गई है। 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 7 दिसंबर तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही चंडीगढ़ के सभी 35 वार्डों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद अब पार्टी की शेष सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा और टिकट नहीं मिलने वाले दावेदारों की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *