पीएम मोदी ने साझा किया पीवी सिंधु का लेख, कहा- ओलंपिक का सपना महिलाओं के लिए खोलेगा नए अवसर

नई दिल्ली(राजीव शर्मा): प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज जानी-मानी बैडमिंटन खिलाड़ी सुश्री पी. वी. सिंधु द्वारा लिखा एक लेख साझा किया, जिसमें इस बात का उल्लेख है कि किस प्रकार ओलंपिक खेलों में भाग लेकर पदक जीतने का सपना देश भर में महिलाओं के लिए नए अवसर के द्वार खोल सकता है।

सुश्री सिंधु ने इस बात को रेखांकित किया है कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने के भारत के लक्ष्य से महिला खिलाड़ियों की भागीदारी को बढ़ावा मिल सकता है, जमीनी स्तर पर खेल अवसंरचना सुदृढ़ हो सकती है और महिलाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए मार्ग खुल सकते हैं। सुश्री सिंधु ने देश भर में महिलाओं और लड़कियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और जमीनी स्तर पर नई प्रतिभाओं को आगे लाने की योजना – अस्मिता जैसी पहल के महत्व तथा उनकी उपलब्धियों से अगली पीढ़ी की महिला खिलाड़ियों को मिलने वाली प्रेरणा पर भी जोर दिया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया:

“ओलंपिक का सपना पूरे भारत में महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकता है।

प्रख्यात बैडमिंटन खिलाड़ी @Pvsindhu1 ने एक लेख में बताया है कि वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने का भारत का लक्ष्य खेलों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दे सकता है, जमीनी स्तर पर खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत कर सकता है और आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा कर सकता है।

सुश्री सिंधु ने अस्मिता जैसी पहल तथा खेलों में महिलाओं की उपलब्धियों से महिला खिलाड़ियों की आगे की पीढ़ी को प्रेरित करने में उनकी भूमिका का भी उल्लेख किया है।”

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *