नई दिल्ली(राजीव शर्मा):गुरु प्यारी साध संगत जी, वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह!
सिख समाज के पूज्य संतगण, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जी, दिल्ली की मुख्यमंत्री बहन रेखा गुप्ता जी, संसद में मेरे साथी गण, दिल्ली सरकार के अन्य मंत्री महोदय, अन्य सभी महानुभाव, देवियों और सज्जनों,
मैं इस पवित्र वातावरण में गुरु नानक देव जी को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूँ। मैं सभी देशवासियों को प्रकाश पर्व की लख-लख बधाइयां देता हूं। गुरु पूरब के इस पावन पर्व पर मुझे शबद कीर्तन में शामिल होने का अवसर देने के लिए मैं तरनजीत सिंह संधू जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
साथियों,
गुरुवाणी का एक-एक शब्द, कीर्तन की एक-एक धुन, ये केवल संगीत नहीं है। ये अपने आप में एक साधना है। ये ज्ञान के सागर में गोता लगाने जैसा है और इसलिए, जब मुझे ऐसे आयोजन के लिए बुलावा आता है, जब भी मुझे मौका मिलता है, मैं संगत और कीर्तन में जरूर उपस्थित होता हूँ।
साथिय़ों,
गुरु नानक देव जी कहा करते थे- किरत करो, वंड छको, नाम जपो। ये मेरे जीवन का सहज हिस्सा रहा है। गुरुद्वारों में मत्था टेकना, गुरुवाणी में डूबकर आत्मिक आनंद लेना, सेवा का सुख हासिल करना और फिर लंगर का स्वाद चखना, बचपन से लेकर संगठन के कार्यकर्ता तक ये क्रम निरंतर चलता रहा है। कितनी ही बार मुझे श्री हरमंदिर साहिब मंदिर में मत्था टेकने का सौभाग्य मिला। पुराने साथियों को पता होगा, मैंने पंजाब में भी काफी समय बिताया है और वो समय मेरे जीवन की सबसे खास यादों में से एक रहा है।
भाइयों बहनों,
गुरु कृपा से मुझे सिख संतों की संगत मिलती रही है। प्रधानमंत्री आवास पर भी मुझे अनेक सिख संतों और ज्ञानियों की आवभगत का सौभाग्य मिला है। आज इस आयोजन में भी हमारे संतों की उपस्थिति से एक अलग ही आध्यात्मिक ऊर्जा अनुभव हो रही है। मैं इस अवसर पर सभी संतों और ज्ञानियों को प्रणाम करता हूँ। सभी सिख भाई-बहनों का अभिनंदन करता हूँ।
साथियों,
इस वर्ष का प्रकाश पर्व एक और पवित्र स्मृति के साथ आया है। इस साल श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350 वर्ष पूरे हुए हैं। दिल्ली की इसी धरती पर, इस देश की पहचान की रक्षा के लिए आस्था, विश्वास और मूल्यों के लिए गुरु साहिब ने अपनी शहादत दी थी। उस घटना को 350 वर्ष बीत गए, लेकिन भारत की मिट्टी में, देश के कण-कण में उस शहादत की प्रेरणा आज भी रची-बसी है। देश का जन-जन हमेशा उसके लिए उनका कृतज्ञ रहेगा।
साथियों,
राष्ट्र और उसकी संस्कृति के लिए सब कुछ न्योछावर करने का जज्बा, पूरी सिख परंपरा इसका पर्याय रही है। भाई मती दास जी, भाई सती दास जी, भाई दयाला जी, इन सबकी शहादत भी हमें इसकी याद दिलाती है। आज़ादी की लड़ाई में भी ये सिलसिला अनवरत जारी रहा और अभी हमारे LG ने विस्तार से बताया, सरदार तेजा सिंह समुंदरी जी की, वो स्वयं अपने आप में इसका प्रखर उदाहरण हैं। गुरुद्वारा सुधार आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अपना पूरा जीवन सेवा को समर्पित कर दिया। इस वर्ष उनकी शहादत के भी सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं। मैं इस अवसर पर, उन्हें भी श्रद्धापूर्वक नमन करता हूँ।
साथियों,
भारत ने सैकड़ों वर्षों की गुलामी सही है। इतिहास का जो कालखंड भारत के लिए सबसे मुश्किल था, उस दौर में भी हमारे गुरुओं ने देश की रक्षा की ज्योत जलाए रखी। आज जब राष्ट्र के बड़े संकल्प हमारे सामने हैं, विकसित भारत का लक्ष्य हमारे आगे है, तो ये यात्रा हमारे गुरुओं की प्रेरणा और उनके आदर्शों की ताकत से ही पूरी हो सकती है। इसलिए, सिख परम्पराओं को, सिखी की विरासत को प्रकाश पुंज बनाकर आगे रखना हम सबका दायित्व है।
साथियों,
बीते 12 वर्षों में हम पूरी आस्था से इसी दायित्व को निभाने का प्रयास करते रहे हैं। हमने गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वाँ प्रकाश पर्व मनाया, हमने गुरु नानक देव जी का 550वाँ प्रकाश पर्व मनाया, पूरे भारत में और विदेशों में अनेक समारोह हुए, स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किए गए, विशेष ट्रेनें चलीं, देश भर में गुरुवाणी के कार्यक्रम रखे गए। इसी तरह, गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व पर लाल किले में राष्ट्रीय आयोजन हुआ। इसी भावना से हम इस समय गुरु तेगबहादुर जी का 350वाँ शहीदी दिवस भी मना रहे हैं।
साथियों,
एक महीने बाद 26 दिसंबर को देश अगला वीर बाल दिवस मनाने जा रहा है। हमने इस दिन को राष्ट्रीय स्तर पर मनाना शुरू किया क्योंकि वीर साहिबजादों की शहादत, माता गुजरी की संकल्प शक्ति, साहस और शौर्य की वो अमर गाथा, उसे देश की नई पीढ़ी तक पहुंचाना, ये हमारा दायित्व है। हमारे बच्चे जब उस दौर के हालातों को जानेंगे, कैसे साहिबजादों और गुरुओं ने शहादत दी और उनके बलिदान से कैसे हमारी आस्था सुरक्षित रही, इन बातों की जानकारी, ये प्रेरणा देश के लिए समर्पित युवाओं का निर्माण करेगी।
गुरुओं के गौरवगान के हमारे प्रयास केवल भारत तक सीमित नहीं हैं। अभी कुछ दिन पहले ही मैं फिलीपींस में था। वहां भी मैं फिलीपींस के सबसे पुराने गुरुद्वारे खालसा दीवान गया था। खालसा दीवान गुरुद्वारे के पुनर्विकास में भी भारत सरकार सहयोग कर रही है। हमारा ये प्रयास है, हमारे गुरुओं का प्रकाश जन-जन तक पहुंचे। उनके आशीर्वाद से भारत नई ऊंचाइयों को छुए।
साथियों,
हम अपनी अरदास में कहते हैं- नानक नाम चढ़दी कला, तेरे भाणे सरबत दा भला। सबकी भलाई की ये सीख हमें गुरुवाणी से मिलती है और सबका भला चाहने की सोच मन में तभी जागती है, जब हम सबको अपना मानने लगते हैं।
साथियों,
आज दुनिया में कितने ही स्थानों पर संघर्ष चल रहे हैं। कितने ही निर्दोष लोग, कितने परिवार हिंसा और अशांति का सामना कर रहे हैं। ऐसे में, दुनिया के हर हिस्से में शांति हो, हर परिवार सुरक्षित हो, हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अवसर मिले, इसके लिए ‘सरबत दा भला’, ‘सरबत दा भला’ की भावना और भी अहम हो जाती है।
साथियों,
गुरु साहिब ने हमें जो जीवन मूल्य दिए हैं, उनकी सबसे बड़ी परीक्षा भी हमारे रोजमर्रा के जीवन में ही होती है। आज हमारे समाज में एक ऐसी ही चुनौती है- ड्रग्स की समस्या! क्योंकि, एक नौजवान जब नशे की गिरफ्त में आता है, तो उसके साथ पूरे परिवार के सपने बिखर जाते हैं।
साथियों,
देश का हर युवा नशे से आज़ाद हो। वो अपने सपनों को पूरा करें। खूब पढ़े, आगे बढ़े, अपने परिवार और देश का गौरव बढ़ाएं। इस प्रयास में परिवारों की भूमिका बहुत बड़ी है। हमारी संगत, हमारे गुरुद्वारे, हमारी सामाजिक संस्थाएं, सब मिलकर नौजवानों को दिशा दे सकते हैं, उन्हें सही रास्ता चुनने का हौसला दे सकते हैं। मुझे विश्वास है, गुरु साहिब की कृपा और समाज के सामूहिक प्रयासों से, हम अपनी नई पीढ़ी को एक सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य दे सकेंगे। इसी भाव के साथ, एक बार फिर मैं आप सभी को श्रीगुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व की लख-लख बधाई देता हूँ। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह!
आइए, मेरे साथ मिलकर जयकारा लगाइए, बोले सो निहाल! सत श्री अकाल! बहुत-बहुत धन्यवाद!
