पंचकूला में चलती क्रेटा कार बनी आग का गोला, सेक्टर-24 मल्टी फीचर पार्क के पास हादसा

पंचकूला(बलविंदर सिंह):पंचकूला शनिवार शाम 5 बजे सेक्टर-24 स्थित मल्टी फीचर पार्क के पास आग की लपटों में घिरी क्रेटा कार में 36 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी।

लोगों ने वीडियो में बोलते दिखाए दे रहे हैं कि आधा घटे बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह कार का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। उसे इलाज के लिए सेक्टर-26 के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। करीब आधे घंटे तक चले इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान पीरमुछल्ला निवासी साहिल शर्मा के रूप में हुई है। वह पेशे से इंटीरियर डिजाइनर थे। वह अपने पीछे पत्नी, दो बच्चे और बुजुर्ग मां को छोड़ गए हैं। उनके पिता करीब 12 साल पहले ही परिवार को छोड़कर जा चुके हैं।

मां को कहा था – 10 मिनट में आ रहा हूं
साहिल के दोस्त ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4 बजे साहिल ने अपनी मां को फोन कर 10 मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी। करीब आधे घंटे तक जब बेटा घर नहीं पहुंचा तो मां ने कई बार फोन कर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। परिजन सेक्टर-26 के निजी अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

90% झुलस चुका था शरीर, सांस की नली प्रभावित हुई
सेक्टर-25 स्थित निजी अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि पुलिस शाम करीब 5 बजे कार में झुलसे युवक को अस्पताल लेकर पहुंची थी। उस समय उसका शरीर करीब 90 प्रतिशत तक जल चुका था। कार में आग लगने के कारण उसे इनहेलेशन इंजरी भी हुई थी। ऐसे मामलों में सांस की नली भी प्रभावित हो जाती है। अस्पताल पहुंचने के समय उसकी पल्स 40 थी और शरीर में ऑक्सीजन का स्तर काफी कम था। इस कारण वह ठीक से सांस नहीं ले पा रहा था। करीब 10 मिनट तक उसकी दिल की धड़कन भी नहीं चल रही थी।

इसके बावजूद डॉक्टरों ने सांस की नली में ट्यूब डालकर उसे वेंटिलेटर पर रखा, लेकिन करीब 10 मिनट बाद कार्डियक अरेस्ट हो गया। डॉक्टरों ने करीब 30 मिनट तक सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शाम 5:36 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया।

रविवार को होगा पोस्टमॉर्टम
सेक्टर-25 पुलिस चौकी इंचार्ज रामा स्वामी ने बताया कि मृतक का शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *