नई दिल्ली(राजीव शर्मा): भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज चेन्नई के कोट्टिवक्कम स्थित नेल्लई नादर मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के 42वें वार्षिक दिवस समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने के. कामराज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निःस्वार्थ नेतृत्व, सादगी और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को याद किया।
उन्होंने कहा कि जब तक महान नेता के. कामराज की विरासत तमिल भूमि में जीवित है, तब तक दुनिया की कोई भी ताकत तमिलनाडु से राष्ट्रवाद की भावना को मिटा नहीं सकती।उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे और शिक्षा के क्षेत्र में कामराज की उपलब्धियां आज भी बेजोड़ हैं। उनके कार्यकाल के दौरान कई प्रमुख बांधों के निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कामराज द्वारा रखी गई नींव ने तमिलनाडु को शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों और मानव संसाधन के लिए प्रशंसित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कामराज को ऐसे नेता के रूप में वर्णित किया, जिन्होंने कभी चुनावी लाभ या व्यक्तिगत हितों को महत्व नहीं दिया, बल्कि हमेशा जनकल्याण को सर्वोपरि रखा।
स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना के विस्तार में कामराज के योगदान को याद करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह वंचित वर्गों के बच्चों को शिक्षा और पोषण दोनों की सुविधा सुनिश्चित करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए नेल्लई तूतीकोरिन नादर महमई परिपालन संगम की सराहना करते हुए श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि वर्ष 1985 में मात्र 85 विद्यार्थियों और सात शिक्षकों के साथ स्थापित यह स्कूल आज एक ऐसे संस्थान के रूप में विकसित हो चुका है, जहां लगभग 200 शिक्षक एवं कर्मचारी करीब 3,500 विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह विकास हजारों परिवारों की आकांक्षाओं की पूर्ति का प्रतीक है, विशेष रूप से आर्थिक और सामाजिक रूप से वंचित पृष्ठभूमि से आने वाले परिवारों की।
इस बात पर जोर देते हुए कि शिक्षा केवल शैक्षणिक प्रदर्शन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, उन्होंने कहा कि स्कूलों को विद्यार्थियों में सुदृढ़ नैतिक मूल्यों, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करनी चाहिए।
स्कूल में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान के प्रति अभिरुचि और नवोन्मेषी सोच विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि भारत अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुसंधान, नवाचार और नई खोजों के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह नीति समग्र विकास, मातृभाषा में शिक्षा, अनुभवात्मक शिक्षण, व्यावसायिक कौशल, अनुसंधान और नवाचार पर जोर देती है। उन्होंने रटकर सीखने की प्रवृत्ति से आगे बढ़कर विषयों की अवधारणात्मक समझ और रचनात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उपराष्ट्रपति ने इस बात पर भी जोर दिया कि वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति भारत की सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों से जुड़ी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तमिल भाषा, संस्कृति और विरासत का संरक्षण राष्ट्र की मजबूती से अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, “यदि तमिल संस्कृति, तमिल लोगों और तमिल भाषा का संरक्षण करना है, तो भारत का मजबूत बने रहना आवश्यक है।”
वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने विद्यार्थियों से ज्ञान, नवाचार और समर्पण के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, ईमानदारी के मूल्यों को बनाए रखने तथा शॉर्टकट अपनाए बिना कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर अपने लक्ष्य हासिल करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने नेल्लई नादर इंजीनियरिंग कॉलेज के स्पोर्ट्स ऑडिटोरियम और पुरुष छात्रावास का उद्घाटन किया।
उपराष्ट्रपति ने नेल्लई नादर मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल में तिरुवल्लुवर और श्री के. कामराज की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।
