भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा और कर्तव्य का मार्ग दिखाता है: CM सैनी

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मां अम्बा की इस पावन धरती पर आस्था का नया अध्याय लिखा जा रहा है। यहां पर बनने वाला मंदिर साधारण मंदिर नहीं होगा, यह अयोध्या के भव्य श्रीराम जन्म भूमि मंदिर की तर्ज पर बनेगा। जब यह बनकर तैयार होगा तो अम्बाला आने वाले हर श्रद्धालु को यहीं अयोध्या की झलक मिलेगी, यहीं राम लला की अनुभूति होगी।

मुख्यमंत्री शनिवार को अम्बाला शहर में भगवान श्री राम मंदिर परिसर में भूमि पूजन एवं शिलान्यास के मौके पर पहुंचे थे। इस अवसर पर जूनापीठाधीश्वर आचार्य श्री अवधेशानन्द जी महाराज के सानिध्य में मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन का कार्य किया गया। मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रूपए देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पूज्य आचार्य श्री अवधेशानन्द जी महाराज के आशीर्वाद से इस आयोजन की गरिमा ओर बढ़ गई है। किसी का धन, किसी का श्रम, किसी की निस्वार्थ सेवा जब यह तीनों मिलते हैं तभी ऐसे पुण्य कार्य साकार होते हैं। उन्होने कहा कि हम सब बड़े भाग्यशाली है कि हमने रामलला के मंदिर को अपनी आंखों के आगे बनते हुए देखा है कितने ही राम भक्तों ने इसके लिए संघर्ष किया, कितनों ने अपना जीवन इस संकल्प को समर्पित कर दिया। आज मैं उन सभी की तपस्या, त्याग व बलिदान को नमन करता हूं। राम लला के मंदिर निर्माण पर घर-घर दीप जले, गांव-गांव भजन गुंजे, जन-जन राममय हो गया और पिछले वर्ष 25 नवम्बर को जब प्रधानमंत्री ने अयोध्या में भगवान श्री राम लला मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई तो पूरे विश्व ने देखा कि भारत की आस्था कितनी अडिग है। प्रभु श्री राम केवल अयोध्या तक सीमित नहीं है वे कण-कण में और हर भक्त के ह्दय में बसते हैं। अयोध्या के भव्य मंदिर से मिली इसी प्रेरणा से आज अम्बाला में यह मंदिर आकार ले रहा है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रभु राम के जीवन से हमें प्रेरणा लेकर आगे बढऩा चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने वे काम करके दिखाए जिसके बारे में पहले कोई सरकार सोच भी नहीं सकती थी। कौन सोचता था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनेगा, जम्मु कश्मीर से धारा 370 हटेगी, तीन तलाक की कुप्रथा से मुक्ति मिलेगी, नकसलवाद जड से खत्म होगा, यह सब कार्य नरेन्द्र मोदी ने करके दिखाया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत के लिए जो सपना सजोया है, उसके लिए हम सबको मिलकर कार्य करना है। उन्होने इस मंदिर के निर्माण के लिए दीवान मंगत राय रामा मैमोरियल ट्रस्ट द्वारा जगह उपलब्ध करवाने की भी भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होने इस अवसर पर प्रभु राम से प्रार्थना की कि मंदिर का निर्माण निर्विघ्न सम्पन्न हो। उन्होंने कहा कि अम्बाला में बनने वाला यह मंदिर भव्य मंदिर होगा तथा आने वाली पीढियों के लिए आस्था, संस्कार व सेवा का केन्द्र बनेगा।

इस अवसर पर जूनापीठाधीश्वर आचार्य श्री अवधेशानंद महाराज ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सौम्य और सभ्य व्यक्तित्व के धनी, सिद्ध पुरुष और कर्मशील व्यक्ति हैं, जो अपने ध्येय के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहते हैं। उन्होंने उपस्थित सभी को भव्य राम मंदिर के शिलान्यास की बधाई दी।
इस अवसर पर दीवान मंगत राय रामा मैमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक पवन जिंदल ने भी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल, ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, मेयर अक्षिता सैनी, हरियाणा एससी, एसटी आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, संस्था के गणमान्य लोग व अन्य मौजूद रहे।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *