अमृतसर (गुरप्रीत सिंह): खडूर साहिब से लोकसभा सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार सुबह दिल्ली से पुलिस सुरक्षा के बीच अमृतसर पहुंच गए। उन्हें अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतसर की अदालत ने तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। इस दौरान वह दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में रह सकेंगे।
21 नवंबर की सुबह अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अमृतपाल को पुलिस निगरानी में एयरपोर्ट परिसर के भीतर ही रखा गया। यहां से उन्हें अमृतसर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा, जहां दादी के अंतिम संस्कार की रस्में होनी हैं।
उनके आगमन को देखते हुए गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 1,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एयरपोर्ट से गांव तक ले जाने के लिए बुलेटप्रूफ वाहन का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है।
अमृतपाल के परिवहन पर आने वाला लगभग 10 लाख रुपये का खर्च उनके परिवार ने अदालत के आदेश के अनुसार उठाया है।
इससे पहले शुक्रवार दोपहर उन्हें असम की डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया था। वहां रात के दौरान उन्हें एक सुरक्षित ठिकाने पर रखा गया। शनिवार सुबह पुलिस सुरक्षा के बीच नियमित यात्री विमान से उन्हें अमृतसर पहुंचाया गया।
अमृतपाल पिछले करीब तीन वर्षों से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अमृतसर के अजनाला पुलिस थाने पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तारी के बाद उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत सीधे असम स्थानांतरित कर दिया गया था।
अदालत ने उन्हें केवल दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के उद्देश्य से तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। इस दौरान उनकी आवाजाही और सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस के पास रहेगी।
