पंजाब-चंडीगढ़ में दो दिन घने कोहरे का अलर्ट, फरीदकोट 7.2 डिग्री के साथ सबसे ठंडा; 26 नवंबर तक बारिश नहीं

चंडीगढ़ (गुरप्रीत सिंह): पंजाब और चंडीगढ़ में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान घने कोहरे की संभावना जताई है। वहीं, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 26 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और फिलहाल बारिश के संकेत नहीं हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है। फरीदकोट 7.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

इन दिनों पंजाब और चंडीगढ़ में दिन और रात के तापमान के बीच काफी अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण पारा 30 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, जबकि रात के समय तापमान गिरकर 7 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में दोपहर में गर्मी और सुबह-रात में ठंड का एहसास हो रहा है।

फरीदकोट में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। यहां दिन और रात के तापमान में 21.4 डिग्री का अंतर रहा। लुधियाना और बठिंडा में भी यह अंतर 20.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

चंडीगढ़ में दिन का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज हुआ। मोहाली में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड और बढ़ेगी।

इस बीच, उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपरी वायुमंडल में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जो पश्चिमी हवाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। इससे पहले सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे निकल चुका है। हालांकि, नए सिस्टम से पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

फिलहाल चक्रवाती तूफान अकवन के प्रभाव से पूर्वी हवाएं चल रही हैं। 22 नवंबर से उत्तरी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। अगले दो दिनों तक कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *