हरियाणा के अंबाला छावनी में 1857 की आजादी की पहली लड़ाई के शहीदों की याद में बनाए गए शहीद स्मारक को देखने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह है। स्मारक की ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू होते ही पहले महीने के लिए उपलब्ध निशुल्क स्लॉट कुछ ही घंटों में बुक हो गए। अब हरियाणा सरकार जल्द ही शुल्क के साथ ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रही है।
ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर स्मारक में पहले महीने तक प्रतिदिन 500 लोगों को निशुल्क प्रवेश देने का फैसला लिया गया है। हालांकि, निशुल्क प्रवेश के लिए भी ऑनलाइन टिकट बुक कराना अनिवार्य है। स्मारक 15 नवंबर से आम जनता के लिए खोला जाएगा। यहां सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित स्लॉट में प्रवेश मिलेगा।
कुछ ही घंटों में बुक हो गए स्लॉट
स्मारक के लिए ऑनलाइन बुकिंग 6 नवंबर से शुरू हुई थी। शुरुआती व्यवस्था के तहत रोजाना 500 लोगों को निशुल्क प्रवेश दिया जाना है। ऑनलाइन पोर्टल खुलने के कुछ ही घंटों में पहले महीने के उपलब्ध स्लॉट बुक हो गए। लोगों की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार अब शुल्क आधारित बुकिंग की व्यवस्था शुरू करने पर विचार कर रही है। हालांकि, शुल्क की दरों को लेकर अंतिम जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
30 मिनट के स्लॉट में मिलेगा प्रवेश
स्मारक की आधिकारिक वेबसाइट पर तारीख और समय चुनकर टिकट बुक किया जा सकता है। एक निर्धारित समय स्लॉट में अधिकतम 35 लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। दर्शकों को अपने तय समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचना होगा। स्मारक प्रत्येक बुधवार को बंद रहेगा। टिकट और प्रवेश से जुड़ी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
22 एकड़ में बना है स्मारक
अंबाला छावनी में करीब 22 एकड़ क्षेत्र में बने इस स्मारक का उद्घाटन 5 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया था। यह स्मारक 1857 की क्रांति में बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित है। इसमें आधुनिक तकनीक से तैयार संग्रहालय, ऐतिहासिक दीर्घाएं और डिजिटल प्रस्तुतियां शामिल हैं। यहां 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की घटनाओं और वीरों के योगदान को अलग-अलग माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है।
स्मारक का उद्देश्य उन स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना है, जिन्हें इतिहास में अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई। सरकार को उम्मीद है कि यह स्मारक विद्यार्थियों, इतिहास प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
