चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सचिवालय पलवल के सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कुल 16 परिवादों को सुनवाई के लिए रखा गया, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। कैबिनेट मंत्री ने शिकायते सुनने के दौरान आदेश किए कि कार्यालयों में बायोमेट्रिक तरीके से हाजरी लगाना सुनिश्चित किया जाए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शेष शिकायतों का भी निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने गांव धमाका निवासी नवल सिंह की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम पलवल, डीएसपी होडल सहित ग्रीवेंस कमेटी के दो सदस्यों की कमेटी गठित कर मामले की जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के सर्विस रोड पर जलभराव की शिकायत पर एनएचएआई के अधिकारियों को ड्रेन की साफ-सफाई करवाकर जलभराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह व्यवस्था सुनिश्चित करें कि गांव का पानी एनएचएआई की सडक़ पर न जाए। इसके अलावा मंत्री राव नरबीर सिंह ने अन्य शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विधायक हथीन मोहम्मद इसराइल, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला,उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम होडल बलीना, एसडीएम हथीन हरिराम, नगराधीश प्रीति रावत सहित अन्य विभागाध्यक्ष और जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति के सदस्य तथा शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।
