लुधियाना में पत्रकार दंपती पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

लुधियाना। साउथ सिटी इलाके में महिला पत्रकार नवनीत कौर और उनके पति गगनदीप अरोड़ा की कार पर फायरिंग करने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मॉडल टाउन एक्सटेंशन निवासी मॉडल रविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार और एक्टिवा भी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दिवाली की रात पत्रकार दंपती अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीएयू के गेट नंबर-8 के पास सफेद एक्टिवा पर सवार एक नकाबपोश व्यक्ति ने उनकी कार का रास्ता रोक लिया। जब गगनदीप अरोड़ा ने इस तरह रास्ता रोकने पर आपत्ति जताई तो आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

हमले से बचने के लिए गगनदीप ने कार आगे बढ़ा दी, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा करना जारी रखा। आरोप है कि हमलावर ने कार का पीछा करते हुए करीब छह राउंड फायर किए। इनमें से चार गोलियां कार के अलग-अलग हिस्सों में लगीं, जबकि दो गोलियां निशाने से चूक गईं। आरोपी ने नानकसर गुरुद्वारे के पास भी फायरिंग की और मल्हार रोड तक दंपती का पीछा किया। इस घटना में दोनों सुरक्षित बच गए थे।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान करने के लिए जांच शुरू की। पत्रकार दंपती की शिकायत पर थाना पीएयू में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

रिमांड पर आरोपी से होगी पूछताछ

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है। उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि उसने पत्रकार दंपती पर हमला क्यों किया और वारदात के पीछे क्या कारण था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हमला किसी पुरानी रंजिश के कारण किया गया या फिर सड़क पर हुए विवाद के बाद आरोपी ने फायरिंग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी देने के लिए प्रेस वार्ता भी प्रस्तावित बताई गई है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *