फरीदाबाद में डंपर की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

हरियाणा के फरीदाबाद में दिवाली की रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पाली-भाखरी रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

मृतकों की पहचान पाली गांव निवासी हरेंद्र भड़ाना (42) और नेहरू कॉलोनी निवासी साहिल (22) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान बबलू के रूप में हुई है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक औद्योगिक इकाई में काम करते थे। शनिवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वे बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पाली-भाखरी रोड पर एक अज्ञात डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने घायलों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हरेंद्र भड़ाना और साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि बबलू का उपचार शुरू किया गया।

मौके पर नहीं मिला हेलमेट

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर किसी भी युवक का हेलमेट नहीं मिला। हादसे में दोनों मृतकों को गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि साहिल ने धनतेरस के अवसर पर नई बाइक खरीदी थी। उसी बाइक पर तीनों युवक ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहे थे। दिवाली के मौके पर हुए इस हादसे से दोनों परिवारों में मातम छा गया।

डंपर चालक की तलाश में जुटी पुलिस

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *