चंडीगढ़ में अमित शाह का दौरा आज, 258 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास; पुलिस के 60वें स्थापना दिवस समारोह में भी होंगे शामिल

चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे के दौरान शहर में करीब 258 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही वे चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शहर में नगर निगम चुनावों से पहले इस दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल है। हालांकि, नगर निगम चुनाव या स्थानीय मुद्दों को लेकर किसी औपचारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है।

अमित शाह सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में आयोजित चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे पुलिस परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। समारोह के दौरान चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंजूरी के बाद दिया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस बेड़े में 141 नए वाहन शामिल करने के लिए उन्हें हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम भी निर्धारित है।

इसके बाद गृह मंत्री सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे। यहां वे शहर की दो पूरी हो चुकी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और सात नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इन सभी परियोजनाओं पर करीब 258 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। उद्घाटन की जाने वाली परियोजनाओं में सारंगपुर का सरकारी हाई स्कूल और रायपुर कलां में चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) का बस डिपो शामिल हैं। इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत करीब 80 करोड़ रुपये है।

वहीं, करीब 178 करोड़ रुपये की सात परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें धनास में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों के लिए 192 टाइप-3 आवास, पंजाब यूनिवर्सिटी और पीजीआई के बीच प्रस्तावित पैदल सबवे, सेक्टर-49 में नया पुलिस स्टेशन और चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के सेक्टर-26 परिसर में लड़कों का हॉस्टल शामिल है। इसके अलावा सेक्टर-46 के पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज में जिम्नेजियम हॉल, सेक्टर-7 के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का अपग्रेडेशन और शहर के प्रवेश मार्गों पर 15 सुरक्षा चौकियां बनाने की योजना भी इसमें शामिल है।

पंजाब यूनिवर्सिटी और पीजीआई को जोड़ने वाला पैदल सबवे लंबे समय से प्रस्तावित है। इसके बनने से माध्य मार्ग पर सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं, धनास में पुलिसकर्मियों के लिए आवास और शहर के प्रवेश मार्गों पर सुरक्षा चौकियां बनने से पुलिस ढांचे को मजबूत करने की योजना है।

अमित शाह शनिवार शाम चंडीगढ़ पहुंचे थे। एयरफोर्स टेक्निकल एयरपोर्ट पर पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम किया। उनके दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ और पंचकूला में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *