अग्रोहा धाम में शरद पूर्णिमा पर आज लगेगा विशाल वार्षिक मेला, देशभर से पहुंचेंगे श्रद्धालु

हिसार। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में विशाल वार्षिक मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग के नेतृत्व में मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धाम को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है।

मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। व्यवस्था संभालने के लिए 700 सेवादारों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस प्रशासन और निजी सुरक्षा कर्मियों को भी तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों में दर्शन, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा शिविर, भंडारे, जूता घर और ठहरने की व्यवस्था की गई है। मेले में ट्रेड फेयर, झूले और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

कार्यक्रम के अनुसार सुबह 5 बजे शक्ति सरोवर में स्नान, 7 बजे मंदिरों में आरती, 8 बजे महिला कलश यात्रा और 9 बजे छप्पन भोग एवं सवामणी प्रसाद का आयोजन होगा। सुबह 10:15 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि दोपहर 12 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मेलन शुरू होंगे।

मेले में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल, पंजाब के मंत्री वीरेंद्र गोयल, हिसार की विधायक सावित्री जिंदल और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा सहित कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रसिद्ध कलाकार मासूम शर्मा और भजन गायिका अंजनी द्विवेदी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार मेले का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *