मंत्री से किसान बोला- अफसर कहते ‘पूंजड़ नहीं पाड़ सकते’, बेदी XEN-SDO पर भड़के; लाइनमैन चार्जशीट

फतेहाबाद में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान बिजली से जुड़ी शिकायत पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। किसान ने शिकायत की थी कि उसके खेत की बिजली सप्लाई में लापरवाही बरती जा रही है और उससे पैसों की मांग की जा रही है। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली निगम के अधिकारी उससे कहते हैं कि काम नहीं करेंगे, जो ‘पुंझड़ पाड़ना है, पाड़ ले।’

किसान की यह बात सुनकर मंत्री कृष्ण कुमार बेदी अधिकारियों पर भड़क गए। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों से कहा कि बताओ, तुम्हारा ‘पुंझड़’ कितना बड़ा है। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि आम लोगों की छोटी-छोटी शिकायतें समय पर दूर होनी चाहिए। अगर अधिकारी अपना काम ठीक से करें तो ऐसी शिकायतें जिला कष्ट निवारण समिति तक नहीं आएंगी और सरकार की छवि भी खराब नहीं होगी।

मामला फतेहाबाद के गांव मढ़ का बताया गया है। शिकायत में किसान ने अपने खेत को बिजली सप्लाई देने वाले फीडर में लापरवाही का आरोप लगाया था। किसान के अनुसार, बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए उससे पैसे मांगे गए। मामले की सुनवाई के दौरान मंत्री ने बिजली निगम के अधिकारियों से जवाब मांगा और शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री ने इस मामले में लाइनमैन कश्मीर सिंह को चार्जशीट करने के आदेश दिए। वहीं बिजली निगम की एसडीओ को भी उन्होंने फटकार लगाई। बैठक में अधिकारियों को लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेने और उनका समय पर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

इसी बैठक में सिंचाई विभाग से जुड़े एक अन्य मामले में भी मंत्री ने कार्रवाई के आदेश दिए। गांव नाडोढ़ी में खाल खुलवाने के मामले में लापरवाही सामने आने पर संबंधित एसडीओ को शाम 5 बजे तक स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए। स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने की स्थिति में निलंबन की कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

फतेहाबाद में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में कुल 13 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें से 8 मामलों का मौके पर निपटारा किया गया, जबकि 5 मामले लंबित रखे गए। बैठक के दौरान अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का निर्धारित समय में समाधान करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। बैठक में बिजली, सिंचाई समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *