पंजाब में कांग्रेस CM फेस घोषित नहीं करेगी, पायलट बोले-AAP से मुख्य मुकाबला

प्रभारी बनने के बाद सचिन पायलट जल्दी पंजाब आने वाले हैं और अब उन्होंने पंजाब के मुद्दों पर खुलकर बात करनी शुरू कर दी। सचिन पायलट ने साफ कर दिया कि कांग्रेस पंजाब में राहुल गांधी के फेस पर चुनाव लड़ेगी और सभी नेता एकजुट होकर काम करेंगे। चुनाव से पहले सीएम फेस घोषित नहीं किया जाएगा।

पायलट ने कहा कि पंजाब में उनका मुख्य मुकाबला सत्ताधारी आम आदमी पार्टी से है। उनका तर्क है कि आम आदमी पार्टी पंजाब में सत्ता में है और कांग्रेस मुख्य विपक्षी पार्टी है। शिरोमणि अकाली दल पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ये अब प्रकाश सिंह बादल वाला अकाली दल नहीं है।

अकाली दल के कई टुकड़े हो चुके हैं। शिअद और भाजपा एक साथ आकर अपने अस्तित्व को बचाने की कवायद में हैं। सचिन पायलट ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में पंजाब में ड्रग्स व कानून व्यवस्था प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे।

पत्रकारों से बातचीत करते सचिन पायलट।

पत्रकारों से बातचीत करते सचिन पायलट।

सचिन पायलट ने क्या क्या कहा जानिए…

हम पंजाब में सरकार बना रहे हैं: सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव का विकल्प सिर्फ कांग्रेस ही है। उनका कहना है कि पंजाब इस समय विकल्प चाहता है और विकल्प कांग्रेस के अलावा कोई नहीं है। लोग सरकार बदलने का मन बना चुके हैं।

विपक्ष में रहते हुए नहीं करते सीएम फेस का ऐलान: सचिन पायलट का कहना है कि कांग्रेस जब विपक्ष में होती है तो कभी भी चुनाव में किसी को सीएम फेस नहीं बनाया जाता है। ऐसी स्थिति में पार्टी केंद्रीय नेतृत्व के चेहरे पर ही चुनाव लड़ती है। राहुल गांधी, मलिक्कार्जुन खड़गे हमारे केंद्रीय नेता हैं उनके नाम ही चुनाव लड़ा जाएगा।

चन्नी का आश्वासन, पूरी ताकत से करेंगे प्रचार: सचिन पायलट ने कहा कि पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से उनकी बात हुई है और उन्होंने कहा है कि 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरे दमखम के साथ प्रचार करेगी और वो खुद भी प्रचार करेंगे।

पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं: सचिन पायलट का कहना है कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। उनका कहना है कि पार्टी में किसी बयान को लेकर मदभेद हो सकते हैं इसे गुटबाजी नहीं कहा जाता है। उनका कहना है कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी।

सरकार के साथ ही मुकाबला है: सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और कांग्रेस विरोध में है। इसलिए अगला चुनाव सरकार के खिलाफ होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मुकाबला आप से ही होगी। सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी का कार्यक्रम जल्दी ही फाइनल हो जाएगा और वो पंजाब आएंगे।

कैप्टन की वापसी पर कोई बात नहीं हुई: पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में वापसी को लेकर लगातार अटकलें लगाई जाती हैं। जिस पर सचिन पायलट का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व ने इस बारे में उन्हें कुछ नहीं बताया और न ही बात की।

विरोधी टूट चुके हैं: सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब में आप भी टूट चुकी है। आप के राज्य सभा सदस्य भाजपा में शामिल हो गए और अकाली दल भी कई टुकड़ों में टूट चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट है। कांग्रेस ने देश को एक जुट रखा है। कांग्रेस ने पंजाब को काले दौर से बाहर निकाला है और पंजाब के लोग कांग्रेस को चाहते हैं।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *