चंडीगढ़(गुरप्रीत सिंह): आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब राज्य महासचिव (संगठन) और नशा मुक्ति मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता, बलतेज पन्नू ने बुधवार को भाजपा की तरफ से निकाली जा रही नशा विरोधी यात्राओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी को अलग से राजनीतिक प्रचार शुरू करने के बजाय पंजाब में चल रही ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ में शामिल होना चाहिए। बलतेज पन्नू ने कहा कि मार्च 2025 से शुरू किए गए बड़े ऑपरेशन के तहत अब तक 60,239 केस दर्ज किए गए हैं और 77,509 लोगों पर केस दर्ज किया गया है, जो ड्रग्स के खिलाफ पंजाब की लड़ाई के लेवल को दिखाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुहिम को कमजोर करने की कोशिश कर रही है क्योंकि अब इसके नतीजे दिखने लगे हैं।
आप पंजाब के महासचिव ने कहा कि इस मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाने की कोशिश करने के बजाय, भाजपा को अब 2007-17 के अकाली-भाजपा राज में पंजाब में फैले ‘चिट्टे’ के युग और और राज्य की युवा पीढ़ी को नशे के जाल में धकेलने का जवाब देना चाहिए।
18 से 30 सितंबर तक राज्यस्तरीय पर नशा विरोधी यात्राएं निकालने की योजनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए, बलतेज पन्नू ने कहा, “पंजाब पिछले 1.6 साल से नशों के विरुद्ध निरंतर, लोगों की लड़ाई लड़ रहा है और आप सरकार द्वारा की गई बड़े पैमाने पर कोशिशें इस लड़ाई के प्रति पंजाब की गंभीरता को दिखाती हैं।”
उन्होंने कहा कि चल रही सार्वजनिक लड़ाई को मजबुत करने के बजाए अलग मुहिम शुरु करने का भाजपा का फ़ैसला यह दिखाता है कि पार्टी की दिलचस्पी सिर्फ अपना राजनीतिक एजेंडा बनाने में है। बलतेज पन्नू ने कहा, “भाजपा को हमारी ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ में शामिल होना चाहिए। हमने पिछले डेढ़ साल में बहुत काम किया है। किसी दूसरे राज्य या देश में इतनी बड़ी कोशिश नहीं की गई, क्योंकि हम लोगों को साथ लेकर यह लड़ाई लड़ रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “भाजपा ने अपनी अलग मुहिम इसलिए शुरू की है क्योंकि उसे लगता है कि हम इस लड़ाई में कामयाब हो रहे हैं, और इसलिए वह हमारे काम को कमज़ोर करना चाहती है।”
सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए, बलतेज पन्नू ने कहा कि 1 मार्च, 2025 से 8 सितंबर, 2026 के बीच 60,239 केस दर्ज किए गए हैं और 77,509 लोगों पर केस दर्ज किया गया है, जो ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ की कामयाबी दिखाता है।
बलतेज पन्नू ने भाजपा को यह भी याद दिलाया कि वह 2007 से 2017 तक पंजाब में राज करने वाली अकाली-भाजपा सरकार में भागीदार थी। उन्होंने कहा कि यह वही दशक था जब पंजाब के युवा नशों की बीमारी से जूझ रहे थे और राज्य की युवा पीढ़ी को ‘चिट्टा’ के खतरनाक जाल में धकेला जा रहा था। शिरोमणि अकाली दल-भाजपा के राज में ‘चिट्टा’ पंजाब के नशे संकट का दूसरा नाम बन गया था, जबकि पुलिस और नेताओं के एक हिस्से पर ड्रग तस्करी और तस्करों के बीच राजनीतिक संरक्षण और सांठगांठ के आरोप बार-बार सामने आए थे।
बलतेज पन्नू ने कहा, “इसलिए, आज नशे को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश करने से पहले, भाजपा को अकालियों के साथ अपने दस साल के राज में पंजाब के युवाओं को हुए नुकसान का जवाब देना चाहिए।”
बलतेज पन्नू ने आखिर में कहा, “अगर भाजपा सच में नशे के खिलाफ लड़ना चाहती है, तो उसे चल रहे मुहिम को कमजोर करने के बजाय, पंजाब की युद्ध नशेआं विरुद्ध’ में शामिल होना चाहिए और पंजाब के लोगों के साथ मिलकर इस लड़ाई में योगदान देना चाहिए।”
