नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के लहरवाड़ी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के बाद गोलीबारी का मामला सामने आया है। घटना में अजरुद्दीन की गोली लगने से मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। मामला बढ़ने पर फायरिंग की गई, जिसमें अजरुद्दीन को गोली लगी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
लहरवाड़ी में पहले भी दो परिवारों के बीच विवाद हिंसक रूप ले चुका है। दिसंबर 2024 में इसी गांव में दो परिवारों के टकराव के दौरान एक 32 वर्षीय महिला की जलने से मौत हुई थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
फिलहाल पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए गांव में निगरानी बढ़ा दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
